खबर शहर , Agra News: सब जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में आगरा हॉस्टल की टीम बनी स्टेट चैंपियन – INA

आगरा। ताजनगरी की कबड्डी खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। रायबरेली में आयोजित सब जूनियर राज्य स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप में आगरा हॉस्टल की टीम ने पहली बार प्रथम स्थान हासिल कर स्टेट चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

कोच विजयलक्ष्मी सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में आगरा हॉस्टल ने 43 अंक अर्जित किए, जबकि आगरा मंडल की टीम 21 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। आगरा के लिए यह दोहरी उपलब्धि रही। आगरा हॉस्टल की इस ऐतिहासिक सफलता में खुशी, शोभना, सोनम, नेहा, आफरीन, शिफा और सपना का विशेष योगदान रहा।

खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल, तालमेल और संघर्ष के दम पर टीम को खिताब तक पहुंचाया। आगरा हॉस्टल ने पूल मुकाबले में गोरखपुर को 11 अंकों से शिकस्त दी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में आजमगढ़ की टीम को आठ अंकों से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। सब जूनियर राज्य कबड्डी चैंपियनशिप में आगरा हॉस्टल का पहली बार चैंपियन बनना और आगरा मंडल का दूसरा स्थान हासिल करना ताजनगरी के कबड्डी जगत के लिए यादगार उपलब्धि है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button