खबर शहर , Agra News: चार्ट रूम का शटर बंद होने पर बीएड की प्रोविजनल डिग्री के लिए बाहर हंगामा – INA

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में बीएड की प्रोविजनल डिग्री लेने के लिए मंगलवार को सैकड़ों अभ्यर्थी पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर चार्ट रूम का शटर बंद करा दिया गया। इससे बाहर खड़े अभ्यर्थियों में धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हंगामा और शोर-शराबा चलता रहा। दूर-दराज से आए अभ्यर्थी सुबह से शाम तक डिग्री के लिए भटकते रहे।

विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क नाम मात्र की रह गई है। विद्यार्थियों को अलग-अलग कार्यालयों में भेजा जा रहा है। इससे चार्ट रूम से लेकर सीनेट हॉल तक अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। हर काम के लिए अलग लाइन में लगना पड़ रहा है और कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

वहीं, विश्वविद्यालय में वर्ष 1927 से 2020 तक के सभी चार्ट स्कैन करा चुका है और रिकॉर्ड उपलब्ध है उसके बावजूद प्रोविजनल डिग्री जारी करने की प्रक्रिया विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने जटिल बना रखी। अभ्यर्थी सुनील ने बताया कि सोमवार से ही प्रोविजनल डिग्री के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर काट रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने दो से तीन बार आवेदन किया, लेकिन अब तक डिग्री नहीं मिली। डिग्री घर भेजे जाने में देरी क्यों हो रही है, इसका भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है। शिक्षक भर्ती के आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर है। इससे परेशानी बढ़ गई है।

वर्जन (फोटो)

– 2008 बीएड की प्रोविजनल डिग्री लेने आए हैं। कई बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा। सुबह से नंबर का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बाद में आने वाले कुछ लोगों का काम पहले हो रहा है। -मनोज कुमार, फिरोजाबाद

– पहले भी डिग्री के लिए आवेदन कर चुके हैं लेकिन डिग्री नहीं पहुंची। टीजीटी का फॉर्म भरने के लिए डिग्री चाहिए, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही। मार्कशीट में गलती सुधारने के लिए भी तीन बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगा चुके हैं और अब डिग्री के लिए आना पड़ रहा है। -जावेद अली, औरैया निवासी


Credit By Amar Ujala

Back to top button