एलजी लिसनिंग पोस्ट का नया वेब एड्रेस जारी:सीधे दर्ज करा सकेंगे शिकायत, एलजी सचिवालय तक पहुंचेगी जनता की आवाज- INA NEWS

दिल्ली के नागरिकों को प्रशासन से सीधे जोड़ने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित एलजी लिसनिंग पोस्ट का नया वेब पता जारी किया गया है। अब यह डिजिटल प्लेटफॉर्म lglisteningpost.delhi.gov.in पर उपलब्ध होगा। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के कार्यालय के अनुसार, नए यूआरएल का उद्देश्य लोगों को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराना है, जिसके जरिए वे अपनी शिकायतें और सुझाव सीधे एलजी सचिवालय तक पहुंचा सकें। एलजी कार्यालय के मुताबिक, पोर्टल को जन-केंद्रित प्रशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से तकनीकी रूप से बेहतर बनाया गया है। नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी बिचौलिए या अन्य माध्यम की जरूरत नहीं होगी। प्रशासनिक समस्याओं, नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों और जनहित के सुझावों को इस प्लेटफॉर्म पर दर्ज किया जा सकेगा। शिकायत की लाइव ट्रैकिंग कर सकेंगे पीड़ित
पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद आवेदक को एक विशिष्ट पंजीकरण संख्या मिलेगी। इसके माध्यम से वह अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के वरिष्ठ नोडल अधिकारियों के पास निस्तारण के लिए स्वत: भेजने की व्यवस्था की गई है। एलजी कार्यालय ने कहा कि जवाबदेह और पारदर्शी शासन के लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से लिसनिंग पोस्ट को आधुनिक डिजिटल स्वरूप दिया गया है, ताकि दिल्ली के किसी भी हिस्से से नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकें। उपराज्यपाल कार्यालय ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे अपनी कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ जनहित के रचनात्मक सुझाव भी पोर्टल के माध्यम से साझा करें। प्रशासन का कहना है कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |