UP News: Etawah News: इटावा पुलिस लाइन में फिर महिला की मौत, महिला सिपाही प्रियंका ने जहर खाया; पति गिरफ्तार – INA
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में पुलिस लाइन में करीब एक महीने के भीतर महिला की आत्महत्या का दूसरा मामला सामने आया है. 2 जुलाई को एक सिपाही की पत्नी ने पुलिस लाइन में फांसी लगाकर जान दी थी. अब सैफई थाने में तैनात 2019 बैच की महिला आरक्षी प्रियंका ने विषैला पदार्थ खा लिया. उपचार के दौरान पीजीआई सैफई में उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने उसके पति रजत को गिरफ्तार कर लिया है.
मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली प्रियंका इटावा पुलिस लाइन में रह रही थी. विषैले पदार्थ का सेवन करने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई. उसे तत्काल डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे पीजीआई सैफई रेफर कर दिया. उपचार के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया. प्रियंका की मौत के बाद शव को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के शवगृह में रखवाया गया. पुलिस अधिकारियों ने मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचकर मामले की जानकारी ली. परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में पुलिस कार्रवाई शुरू की गई.
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
प्रियंका के बड़े भाई सौरभ के मुताबिक, उनकी बहन और सहारनपुर निवासी रजत पुत्र राजेंद्र सिंह की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया. इसके बाद करीब तीन वर्ष पहले दोनों ने शादी कर ली. परिवार के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद उनके रिश्ते में विवाद शुरू हो गया.
डराने-धमकाने का आरोप
सौरभ का आरोप है कि शादी के बाद रजत उसकी बहन को डरा-धमकाकर रखता था. यहां तक कि प्रियंका के सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद करवा दिए गए थे. भाई के मुताबिक, पति के व्यवहार से प्रियंका काफी परेशान रहती थी. परिवार का कहना है कि वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी. सौरभ ने बताया कि रजत पहले ही पांच लाख रुपये का लोन ले चुका था.
इसके बाद वह दोबारा पांच लाख रुपये का लोन लेने के लिए प्रियंका पर दबाव बना रहा था. वहीं प्रियंका के पिता नाथीराम ने पुलिस को दी तहरीर में सात लाख रुपये का लोन कराने की मांग किए जाने का आरोप लगाया है.
बोलेरो-बाइक और दो लाख रुपये देने का दावा
पिता नाथीराम की तहरीर के मुताबिक, शादी के बाद प्रियंका के परिवार ने एक बोलेरो कार और एक बाइक दिलवाई थी. इसके अलावा करीब दो लाख रुपये नकद देने का भी दावा किया गया है. पिता ने बताया कि बेटी की शादी में खर्च के लिए उन्होंने दो बीघा जमीन बेच दी थी. इसके बावजूद कथित तौर पर अतिरिक्त पैसों की मांग जारी रही. परिजनों ने आरोप लगाया कि रजत आए दिन प्रियंका के साथ मारपीट करता था. पति की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर प्रियंका करीब आठ महीने तक अपने मायके में रही थी.
पिता नाथीराम का आरोप है कि लगातार मारपीट, मानसिक परेशानी और आर्थिक दबाव के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. प्रियंका के पिता नाथीराम ने थाना सिविल लाइन में तहरीर देकर रजत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की. पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है. परिजनों की ओर से लगाए गए दहेज उत्पीड़न, मारपीट और पैसों की मांग के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है.
आरोपी पति गिरफ्तार
क्षेत्राधिकारी नगर इटावा अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि थाना सैफई में तैनात महिला आरक्षी द्वारा विषैले पदार्थ का सेवन किए जाने और उपचार के दौरान पीजीआई सैफई में उसकी मृत्यु होने के संबंध में थाना सिविल लाइन पर अभियोग पंजीकृत किया गया है. मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
दो बेटियों की मां थी प्रियंका
प्रियंका के परिवार में दो बेटियां होने की जानकारी सामने आई है. उसकी मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है. करीब तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह से शुरू हुआ यह रिश्ता अब महिला आरक्षी की मौत और पति की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच तक पहुंच गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी.
Etawah News: इटावा पुलिस लाइन में फिर महिला की मौत, महिला सिपाही प्रियंका ने जहर खाया; पति गिरफ्तार
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,