खबर शहर , Agra News: शंकरपुर पुल के गड्ढों पर प्रशासन सख्त, अब होगी मरम्मत – INA

फतेहाबाद। फिरोजाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर स्थित शंकरपुर घाट यमुना नदी पुल की सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से राहगीरों को हो रही परेशानी को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर पुल की सड़क का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने और गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।


एसडीएम की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के माध्यम से संज्ञान में आया है कि शंकरपुर पुल की सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अनुमान नहीं लग पाता है। इससे तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के अनियंत्रित होने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। पुल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और अन्य वाहन आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति आमजन की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों की ओर से भी पुल पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की गई है। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया है कि शंकरपुर घाट स्थित यमुना नदी पुल का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कराया जाए। आवश्यकता के अनुसार गड्ढों की मरम्मत और अन्य अनुरक्षण कार्य प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार तत्काल कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई के बारे में अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के इस पत्र के बाद पुल की सड़क की मरम्मत जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। इससे फतेहाबाद और फिरोजाबाद की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को राहत मिलने की संभावना है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button