खबर शहर , Agra News: मेरठ के बल्लेबाजों के सामने बेअसर नजर आए आगरा के गेंदबाज – INA

आगरा। मेजबान मेरठ रेड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा को 67 रन से हरा दिया। गांधी पार्क ग्राउंड पर रविवार को मास्टर वैभव टी-20 कप के लिए खेले गए मैच में मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट खोकर 20 ओवरों में 249 रन बनाए। जवाब में आगरा की टीम निर्धारित ओवरों में 182 रन ही बना सकी।
मेरठ के शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आगरा के गेंदबाज शुरुआती ओवरों में विकेट हासिल करने में नाकाम रहे, जिसका फायदा मेरठ के बल्लेबाजों ने जमकर उठाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई। मयंक तिवारी ने 71 रन की शानदार पारी खेलकर मुकाबले में वापसी की उम्मीद जगाई, लक्ष्य राठौर ने 31 रन बनाकर उनका साथ दिया लेकिन आगरा की टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।
मेरठ के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट चटकाकर आगरा की रन गति पर अंकुश लगा दिया। शनिवार को आगरा की टीम गाजियाबाद से हार गई थी। इस जीत के साथ मेरठ ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।