खबर शहर , Agra News: रजिस्ट्री दफ्तर में गिरा छज्जा, पक्षकार घायल – INA

आगरा। सदर तहसील के निबंधन भवन में बृहस्पतिवार को रजिस्ट्री दफ्तर का छज्जा गिर पड़ा। मलबा से एक पक्षकार घायल हो गया। अन्य लोगों ने भागकर खुद को बचाया। अधिवक्ताओं ने इस घटना पर नाराजगी जताई है।
निबंधन भवन में पांच रजिस्ट्री दफ्तर हैं। प्रतिदिन करीब एक हजार लोग आते हैं। रोज 40 से 50 करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है लेकिन भवन जर्जर है। दो दिन से हो रही बारिश के बीच बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे रजिस्ट्री दफ्तर का छज्जा गिर पड़ा। बैनामा में गवाही देने आया व्यक्ति घायल हो गया। उसे लोगों ने उपचार के लिए भेजा।
सदर तहसील बार एसोसिएशन के महासचिव अरविंद दुबे ने बताया कि तीन मंजिल भवन की सीढि़यां तक घिस चुकी हैं। बुजुर्ग और महिलाओं को दिक्कत होती है। बिल्डिंग पुरानी होने और रखरखाव में लापरवाही से जगह-जगह सीलन है। वहीं, इस संबंध में उपायुक्त स्टांप योगेश कुमार का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से बिल्डिंग की समीक्षा की जाएगी। क्षतिग्रस्त हिस्सों में बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड चस्पा कराएंगे।