खबर शहर , Agra News: दबंगों ने दाैड़ा-दाैड़ाकर पीटे टोलकर्मी, गाड़ी में तोड़फोड़ – INA

अछनेरा(आगरा)। अछनेरा थाना क्षेत्र के रायभा टोल के पास 15 अगस्त की रात एनएचएआई की जमीन पर जबरन अवैध मिट्टी डालने का विरोध करने पर दबंगों ने टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीटा। हमलावरों ने मोबाइल, बॉडी कैमरे तोड़ डाले। टोल प्रशासन की गाड़ी पर भी पथराव कर उसकी लाइटें क्षतिग्रस्त कर दीं। हमले में कई टोल कर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना 15 अगस्त रात करीब 2:20 बजे की है। बताया गया है कि खनन कार्य में शामिल कुछ दबंग जबरन सड़क पर मिट्टी डाल रहे थे। वहां मौजूद टोल कर्मियों ने एनएचएआई की जमीन पर मिट्टी डालने का विरोध किया, तो दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से हमलावरों ने कर्मियों के मोबाइल और वीडियो बना रहे बॉडी कैमरे भी तोड़ दिया। टोल प्रशासन की गाड़ी पर भी पथराव कर उसकी लाइटें क्षतिग्रस्त कर दीं। मामले में मनीष चतुर्वेदी, राम सिंह, फूल सिंह ने थाना अछनेरा में तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वर्जन
पीड़ित की तरफ से शिकायत मिली है। चौकी प्रभारी से जांच कराई जा रही है। जांच में मारपीट का मामला पाया जाता है, तो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी।- शैलेंद्र सिंह, एसीपी अछनेरा