आगरा। संसाधनों की चुनौती, लंबा सफर और दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों से मुकाबला…दयालबाग के पैरा ओलंपियन यश कुमार ने इन सबको पीछे छोड़ते हुए पोलैंड में फिर अपनी पैडल की ताकत दिखा दी। पैरा कैनो विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने बी फाइनल में जगह बनाई और सातवें स्थान पर रहे।
यह मुकाबला 26 से 30 अगस्त तक हुआ। यश का यहां तक पहुंचना विश्व स्तर पर उनके मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है। यश ने जून में तुर्किस्तान में हुई एशियन पैरा कैनो चैंपियनशिप में 200 मीटर में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद जुलाई में वर्ल्ड कप में भी उन्होंने कांस्य अपने नाम किया। दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पोडियम फिनिश के बाद विश्व चैंपियनशिप के बी फाइनल तक पहुंचकर उन्होंने निरंतरता साबित की है।
———————–
एशियन चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप में कांस्य पदक के बाद विश्व चैंपियनशिप में बी फाइनल तक पहुंचना मेरे लिए महत्वपूर्ण है। हर प्रतियोगिता से मेरा अनुभव बढ़ रहा है। अब लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना है। – यश कुमार