खबर शहर , Agra News: यूपी सीनियर क्रिकेट टीम के लिए ट्रायल 10 से कानपुर में – INA

आगरा। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने सत्र 2026-27 के लिए सीनियर पुरुष वर्ग की प्रदेशीय टीम के चयन के लिए ट्रायल की तारीख घोषित कर दी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के चयनित खिलाड़ियों के ट्रायल 10 सितंबर से कानपुर में होंगे। इनमें आगरा जिले के चयनित खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
यूपीसीए ने संबंधित जिलों के चयनित खिलाड़ियों को 10 सितंबर को सुबह 8 बजे कानपुर स्थित कमला क्लब में उपस्थित होने के लिए कहा है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंकित चटर्जी ने कहा कि ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए दस्तावेजों को लेकर भी यूपीसीए ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को मूल जन्म प्रमाणपत्र, रजिस्ट्रेशन स्लिप और आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यूपीसीए ने मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर, गाजियाबाद, आगरा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, गौतमबुद्ध नगर और मथुरा समेत संबंधित जिलों के क्रिकेट संघों को इसकी सूचना भेजी है।