खबर शहर , Agra News: लवकुश ने 31 गेंद में बनाए 63 रन, टीम जीती – INA

आगरा। लवकुश बघेल की तूफानी पारी के दम पर मंगलवार को मान्या क्रिकेट अकादमी ने एसआर क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हरा दिया। लवकुश ने महज 31 गेंदों में 63 रन बनाकर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के लगाए।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मान्या क्रिकेट अकादमी को लवकुश ने शुरुआत से ही तेज रफ्तार दी। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और एसआर के गेंदबाजों को दबाव में रखा। लवकुश की आक्रामक बल्लेबाजी के चलते टीम ने महज नौ ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लवकुश को ध्रुव तोमर का साथ मिला। ध्रुव ने सिर्फ 14 गेंदों में 30 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
इससे पहले एसआर क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी की। पूरी टीम 26.3 ओवर में 125 रन पर सिमट गई। कप्तान आर्यन होलकर ने 32 और लवराज ने 25 रन बनाए। मान्या की ओर से विनायक गौर ने तीन, अमन यादव और कुनाल फौजदार ने दो-दो विकेट लिए। मान्या क्रिकेट अकादमी के कोच दयाशंकर राजपूत ने कहा कि लवकुश की सकारात्मक बल्लेबाजी का टीम को फायदा मिला।