खबर शहर , Agra News: अंगूठी की लालच में गंवा दी घर में रखी पूंजी – INA

फतेहाबाद। क्षेत्र के पूठपुरा सिकरारा मोड़ की रहने वाली एक वृद्धा को अंगूठी का लालच भारी पड़ गया। स्कूटर सवार दो व्यक्तियों ने वृद्धा को गुमराह किया। इसके बाद घर में रखी 16 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पीड़िता ने घटना की तहरीर थाने में दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। पूठपुरा सिकरारा मोड़ निवासी केतकी देवी (75) अपने घर के बाहर अकेली बैठी थीं। इसी दौरान स्कूटर सवार दो व्यक्ति पानी पीने के बहाने उनके पास रुके। दोनों वृद्धा से बातें करने लगे। उन्होंने पहले पेंशन दिलाने का झांसा दिया। केतकी देवी ने बताया कि उन्हें पेंशन मिल रही है। खाते में रुपये भी आ रहे हैं। इसके बाद एक व्यक्ति ने कहा कि उसने शराब के नशे में वाजिदपुर की एक दुकान पर सोने की अंगूठी गिरवी रखी है। झांसा दिया कि तीन हजार रुपये में वह अंगूठी छुड़ाकर उन्हें दे देगा।
सोने की अंगूठी कम कीमत में मिलने के लालच में वृद्धा उसे लेने के लिए तैयार हो गई। कहा कि उनका बेटा वाजिदपुर में दुकान पर रहता है, उसे दिखा दें। इसके बाद एक व्यक्ति केतकी देवी को स्कूटर पर बैठाकर वाजिदपुर ले गया। काफी देर तक उन्हें अंगूठी के नाम पर गुमराह करता रहा। बाद भी वहीं छोड़कर चला गया। उधर, वृद्धा के घर पर रुके बदमाश के दूसरे साथी ने बक्से का ताला तोड़कर 16 हजार रुपये और लाखों रुपये सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई।
वृद्धा को झांसा देकर चोरी किए जाने के मामले की जांच की जा रही है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे के सहारे बदमाशों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। -इमरान अहमद, एसीपी फतेहाबाद