खबर शहर , Agra News: फिरोजाबाद में सबसे ज्यादा बरसे बादल आगरा में बीते साल के मुकाबले कम दर्ज हुई वर्षा – INA

आगरा। बादलों की लुकाछिपी के बीच मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों से गुजर रहा है। इसके अगले दो-तीन दिन में वापसी के आसार बन रहे हैं। हालांकि इस बार बीते साल के मुकाबले बारिश काफी कम हुई है, लेकिन कुल औसत बारिश की बात करें तो यह सामान्य से महज एक फीसदी ही कम है।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में औसतन बारिश 517.5 मिमी होती है। इस साल 513.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। ये सामान्य के मुकाबले एक फीसदी ही कम है। बीते साल जमकर बारिश हुई और औसत से 26 फीसदी अधिक रही। 2025 में मौसम विभाग ने 682 मिमी बारिश रिकॉर्ड दर्ज की। एक जून से 31 अगस्त शहर में 549.2 मिमी बारिश हो चुकी थी। सितंबर के अंतिम दौर की बारिश से ये आंकड़ा 682 मिमी तक पहुंच गया। इस साल सितंबर के अंतिम चरण में बारिश हल्की रही। बीते साल भी 21 सितंबर को मानसून विदा हुए थे।

फिरोजाबाद में जमकर बारिश, मैनपुरी में सबसे कम

– मंडल की बात करें तो फिरोजाबाद में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां 670 मिमी बारिश दर्ज की है। अगस्त और सितंबर के शुरू के दिनों में तेज बारिश से आंकड़ा बढ़ गया। मथुरा और मैनपुरी में औसत से काफी कम बारिश हुई। मथुरा में 278.3 मिमी बारिश हुई। यहां 481.8 मिमी औसत बारिश होती है। इस तरह 42 फीसदी कम बारिश हुई है। मैनपुरी में 39 फीसदी बारिश कम हुई है। यहां 638 मिमी के मुकाबले 387.5 मिमी बारिश दर्ज की है।

28 तक हो सकती है बारिश

दक्षिण-पश्चिम मानसून 21 सितंबर को राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ ही पंजाब और हरियाणा के कुछ भागों में वापस लौट आया है। आगामी 2-3 दिन में इसके पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लौटने की संभावना है। 25 से 28 सितंबर के मध्य कहीं-कही तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान बिजली कड़कने और गिरने की आशंका भी मौसम विभाग ने जताई है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button