खबर शहर , Agra News: किडनी मरीजों को राहत, हर महीने चार के होंगे ट्रांसप्लांट – INA

आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में किडनी मरीजों के लिए राहत की बात है। अब ऑपरेशन के लिए दो अस्पतालों से समझौता हुआ है। इसके तहत आरएमएल अस्पताल नई दिल्ली के चिकित्सकों की निगरानी में दूसरे मरीज की किडनी ट्रांसप्लांट की गई है। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में सुधार है। अब हर महीने में चार मरीजों के ट्रांसप्लांट हो सकेंगे।

प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि धौलपुर निवासी दीपक कुमार (24) का 10 अक्तूबर को किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। इनके पिता राजवीर सिंह (70) ने किडनी दान की। जन्मजात बीमारी से किडनी खराब हो गई थी। इस बार ऑपरेशन आरएमएल अस्पताल नई दिल्ली के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत गोयल की निगरानी में की गई।

इससे पहले एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ने ऑपरेशन किया था। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दोनों अस्पतालों के विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं। इस तरह दोनों अस्पताल के विशेषज्ञ महीने में दो-दो ऑपरेशन करेंगे। इस मरीज का ऑपरेशन भी निशुल्क है। किडनी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन ने बताया कि दो और मरीजों की फाइल तैयार हो गई है। इनकी जांचें भी हो चुकी हैं। उम्मीद है कि 16 अक्तूबर को एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ऑपरेशन के लिए आएगी। पहला ट्रांसप्लांट बीते 22 अगस्त को एसजीपीजीआई की टीम की निगरानी में हुआ था।

करा सकते हैं पंजीकरण

– विभागाध्यक्ष ने बताया कि किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दो अस्पतालों की सेवाएं ली जाएंगी। शुरू के 25 ऑपरेशन इनकी निगरानी में होंगे, बाद में एसएन के विशेषज्ञ ही ट्रांसप्लांट करेंगे। ऐसे में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए मरीज किडनी रोग विभाग की ओपीडी में दिखाकर पंजीकरण करा सकते हैं। निजी अस्पतालों में इसका खर्च 10-15 लाख रुपये है। यहां आयुष्मान योजना में निशुल्क सुविधा है।

हालत में सुधार, किडनी कर रही कार्य

– ऑपरेशन के बाद मरीज की जांच कराई है। काफी सुधार हुआ है। किडनी कार्य कर रही है। ऑपरेशन में एसएन के किडनी रोग विभाग के डॉ. मुदित खुराना, डॉ. कैरवी भारद्वाज, यूराेलॉजी विभाग के डॉ. प्रशांत लवानिया, डॉ. अभिषेक पाठक, (लीड ट्रांसप्लांट सर्जन) डॉ. विजय त्यागी, डॉ. अंकुश गुप्ता, डॉ. प्रदीप देव, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अपूर्व मित्तल, डॉ. अमृता गुप्ता, डॉ. प्रवीण पांडे, डॉ. प्रभा आदि का सहयोग रहा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button