खबर शहर , Agra News: लालच ने मर्यादा लांघी, रिश्ते ने चौखट – INA

आगरा। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक परिवार ने रिश्तों की मर्यादा और निजता को तार-तार कर दिया। नए जीवन के सपने लेकर ससुराल आई बहू के साथ मारपीट की गई। ससुराल वालों ने उसके बेडरूम में भी कैमरे लगवा दिए। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मामला घर से निकालकर परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया। काउंसिलिंग में भी सुलह नहीं होने पर पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
ताजगंज क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 21 फरवरी 2026 को ट्रांसयमुना क्षेत्र की किरण बाग कॉलोनी निवासी अजय से हुई थी। शादी में मायके वालों ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें आठ लाख रुपये नकद देने के साथ सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान दिया गया था।
इसके बावजूद पति अजय, ससुर छोटे लाल, सास गुड्डी और ननद खुशबू दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की गई और मानसिक उत्पीड़न किया गया। 25 मई को उसे घर से निकाल दिया गया।
आरोप है कि 27 जुलाई को ससुरालीजन उसे वापस ले गए। उसकी निगरानी के लिए पूरे घर के साथ बेडरूम में भी कैमरे लगवा दिए। विरोध करने पर कमरे से निकलने पर रोक लगा दी और खाना देना भी बंद कर दिया। इसके बाद वह मायके आ गई।
समझौते के प्रयास भी विफल
पीड़िता ने बताया कि उत्पीड़न की शिकायत पुलिस से की तो मामला परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया गया। वहां भी बात नहीं बनी। 17 सितंबर को काउंसिलिंग के दौरान पति ने साथ रखने से साफ मना कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
वर्जन
महिला की शिकायत पर थाना ताजगंज में पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। – यतेंद्र नागर, एसीपी, ताज सुरक्षा