खबर शहर , दिवाली 2026: इन खूबसूरत लाइटों से सजाएं घर, रंग बदलने वाली नियॉन लाइटें; जो मोबाइल से होंगी कंट्रोल – INA

आगरा में रोशनी के त्योहार दिवाली पर इस बार बुर्ज खलीफा और नियॉन लाइटों के साथ डायमंड कट वाली एलईडी झालरों की धूम मचने वाली है। बेलनगंज स्थित थोक बाजार भागीरथ पैलेस में करवाचौथ से पहले रिटेलर एलईडी लाइटों की नई और आकर्षक वैराइटी खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। 35 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक में यह लाइटें उपलब्ध हैं।

पहली बार बाजार में आईं 10 मीटर की नियॉन लाइटें दुकानदारों को लुभा रही हैं। बुर्ज खलीफा डिजाइन वाली क्रिस्टल जैसी एलईडी की मांग इन दिनों सबसे ज्यादा है जो अपनी तेज रोशनी के कारण पूरे बाजार पर छाई हुई हैं।

दिवाली से पहले एलईडी झालरें रिटेल बाजार में सजने लगेंगी। उससे पहले थोक बाजार में रिटेलरों ने खरीद शुरू की है। बेलनगंज के एलईडी लाइटों के थोक बाजार में ग्राहकों और दुकानदारों को लुभाने के लिए नए और अनोखे नामों वाली लाइटें बाजार की शान बढ़ा रही हैं।

इनमें बुर्ज खलीफा, डायमंड और नियॉन सबसे ऊपर हैं। बुर्ज खलीफा लाइट अपनी भव्य चमक और शानदार डिजाइन के कारण दुकानदारों के बीच आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है, वहीं 18 मिमी. साइज के कारण डायमंड कट लाइटें फिनिशिंग के कारण मांग में हैं।

मोबाइल से कनेक्ट कर सकेंगे नियॉन लाइट

बेलनगंज के थोक कारोबारी अंकित रावत ने बताया कि नियॉन लाइट को ग्राहक अपने मोबाइल से कनेक्ट कर मनपसंद रंग तय कर सकेंगे और मनपसंद डिजाइन बना सकेंगे। घरों की मॉडर्न डेकोरेशन और आउटडोर सजावट के लिए इसे बहुत पसंद किया जा रहा है। 10 मीटर लंबी नियॉन लाइट का पैक 400 से 500 रुपये के बीच मिल रहा है। क्यूआर कोड को स्कैन करके मोबाइल एप के जरिये संचालन किया जा सकता है।

स्टॉक जमा कर रहे व्यापारी

बेलनगंज और भागीरथ पैलेस के थोक बाजारों में इन दिनों दुकानदारों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। व्यापारी अभी से स्टॉक जमा करने में जुटे हैं ताकि त्योहारी सीजन की मांग को आसानी से पूरा किया जा सके। एलईडी कारोबारी मनीष कुमार ने बताया कि करवाचौथ तक थोक बिक्री का काम लगभग पूरा हो जाएगा। इसके बाद यह ट्रेंडी एलईडी लाइटें सीधे रिटेल मार्केट में उतर जाएंगी। आम ग्राहक दिवाली की सजावट के लिए खरीद सकेंगे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button