आगरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र में पड़ोसी के पारिवारिक विवाद में समझौता कराने की कोशिश एक व्यक्ति पर भारी पड़ी। पीड़ित ने महिला पर सोशल मीडिया के जरिये गाली-गलौज, जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित नगला प्यारे ,सोहल्ला रोड निवासी रंजीत कुशवाह ने बताया कि पड़ोसी प्रिंस का अपनी पत्नी रश्मि से पारिवारिक विवाद चल रहा है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। प्रिंस के कहने पर उसने दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया था लेकिन बात नहीं बनी।
आरोप है कि इसके बाद महिला सोशल मीडिया पर उसे और उसके परिवार के लोगों लिए गाली-गलौज भरे शब्द लिखकर पोस्ट करने लगी। जान से मारने और किसी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दे रही है। उप पुलिस आयुक्त सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।