खबर शहर , आगरा: गायत्री पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य समेत सात पर FIR, छात्र की पिटाई करने और अवैध धनराशि मांगने का आरोप – INA

आगरा के एक नामी स्कूल की प्रधानाचार्य समेत सात लोगों पर जगदीशपुरा थाने में न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी पर कक्षा-10 के छात्र की पिटाई करने, धमकी देने और अवैध धनराशि मांगने के आरोप हैं। वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि कई बार पुलिस और प्रशासन की जांच में स्कूल की कोई गलती सामने नहीं आई है। वह हर जांच में पूरा सहयोग करेंगे।

सिकंदरा क्षेत्र के पश्चिमपुरी निवासी छात्र के पिता ने बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र गायत्री पब्लिक स्कूल की शास्त्रीपुरम शाखा में कक्षा-10 का छात्र है। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक छात्रों पर एक एकेडमी में कोचिंग लेने का दबाव बनाते हैं। ऐसा नहीं करने पर फेल करने या स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती है। बेटे ने दबाव में कोचिंग में प्रवेश ले लिया। 2 नवंबर 2025 को कोचिंग के शिक्षक आशीष भटनागर ने निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त धनराशि मांगी।

रकम देने में असमर्थता जताने पर बेटे से मारपीट की गई और उसका सिर लोहे के गेट पर लड़ा दिया। उन्होंने 27 मई को जिलाधिकारी और 17 जून को मुख्यमंत्री से शिकायत की। शिकायत में गायत्री पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मोनिका सिंह, कार्यरत अध्यापक मालती देवी वरीदा, मनी शर्मा और शेख आलिया को आरोपी बताया गया।

अनुशासनहीनता की थी शिकायतें

प्रकरण पर गायत्री पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मोनिका सिंह का कहना है कि छात्र की कई शिक्षकों ने शिकायत की थी। वह शिक्षकों से अभद्रता कर चुका था। उसके गलत आचरण के बाद भी उसे 10वीं के सत्र में नहीं हटाया गया। परिजन को पहले ही अगले सत्र में प्रवेश नहीं देने की जानकारी फरवरी माह में ही दे दी गई थी। जिस कोचिंग की बात की जा रही है वह स्कूल के परिसर में नहीं है। जानकारी करने पर वहां छात्र का दूसरे छात्र से विवाद होना पाया गया था। परिजन ने उस विवाद के बारे में स्कूल प्रबंधन को नहीं बताया। सभी की जांच में स्कूल को क्लीन चिट मिली है। स्कूल प्रबंधन हर जांच में सहयोग करेगा। सच्चाई जांच में सामने आ जाएगी।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button