डीडीए के फ्लैटों की बिक्री 80% बढ़ी:सात महीने में 9332 घर बिके; पिछले साल के मुकाबले 4134 अधिक फ्लैट बिके- INA NEWS

दिल्ली विकास प्राधिकरण के फ्लैटों की मांग तेजी से बढ़ रही है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती सात महीनों में डीडीए ने 9332 फ्लैट बेचे हैं। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5198 फ्लैट बिके थे। यानी बिक्री में करीब 80% की बढ़ोतरी हुई है। इस बार 4134 अधिक फ्लैट बिके हैं। खास बात यह है कि एलआईजी, एमआईजी और एचआईजी श्रेणियों में सात महीने की बिक्री पिछले पूरे वित्त वर्ष के आंकड़ों को पार कर गई है। डीडीए के मुताबिक, एलजी टीएस संधू के निर्देश पर फ्लैट खरीदने के नियमों में ढील और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से बिक्री बढ़ी है। खासकर नरेला में सड़क, मेट्रो कनेक्टिविटी और शैक्षणिक संस्थानों के विकास से खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर के बीच 5171 एलआईजी फ्लैट बिके, जबकि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में 3547 फ्लैट बिके थे। इसी तरह एमआईजी श्रेणी में सात महीने में 1704 फ्लैट बिके, जबकि पिछले पूरे साल 1580 फ्लैट बिके थे। एचआईजी श्रेणी में भी बिक्री दोगुनी से अधिक रही। इस बार 820 फ्लैट बिके, जबकि पिछले वित्त वर्ष में 404 फ्लैट बिके थे। नरेला में बिके 90% से ज्यादा फ्लैट डीडीए के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में बिके कुल फ्लैटों में 90% से अधिक नरेला के हैं। यहां अर्बन एक्सटेंशन रोड-2, प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं से आवासीय मांग बढ़ रही है। सेक्टर जी-2 से जी-6 में 138 हेक्टेयर में एजुकेशन हब विकसित करने की योजना है। इसके लिए कई विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को जमीन आवंटित की गई है। बेहतर कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से नरेला को प्रमुख आवासीय क्षेत्र बनाने की तैयारी है। 31 दिसंबर तक ऑनलाइन बुकिंग का मौका डीडीए ने तीन आवासीय योजनाओं के तहत ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर फ्लैट बुकिंग की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी है। इनमें कर्मयोगी आवास योजना 2025, कर्मजीवी आवास योजना 2026 और नागरिक आवास योजना 2026 शामिल हैं। सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड और रहने के लिए तैयार बताए गए हैं। खरीदार सैंपल फ्लैट भी देख सकते हैं। आवेदन और बुकिंग की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। बुकिंग पोर्टल: https://eservices.dda.org.in

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button