UP News: गोरखपुर में BJP का शक्ति प्रदर्शन, नितिन नबीन बोले- राहुल फुस्स रॉकेट, अखिलेश हार के बहानेबाज – INA

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के खिलाफ सियासी मोर्चा खोला. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में निकली इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, NDA के सहयोगी दलों के नेता, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए.

महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा कचहरी चौराहा, इंदिरा बाल विहार तिराहा और गोलघर काली मंदिर होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची. रास्ते में 18 जगहों पर पदयात्रा का फूलों से स्वागत किया गया. इस दौरान नितिन नबीन ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र की ताकत इतनी है कि तथाकथित युवराज आते-जाते रहेंगे, लेकिन देश पर राज देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा.

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर दिल्ली में अराजकता फैलाने, EVM पर सवाल उठाने और मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया.

नितिन नबीन बोले- विपक्ष के हाथ-पैर फूल रहे हैं

पदयात्रा के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देशभर में बीजेपी और NDA की ओर से निकाली जा रही पदयात्राओं के जरिए जनता लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतर रही है. नितिन नबीन ने दावा किया कि इससे विपक्ष के नेताओं के हाथ-पैर फूल रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘देशभर में हमारी जो ये पदयात्रा हो रही है, इसके माध्यम से लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता भी पूरी तरह से सड़कों पर नजर आ रही है. इससे विपक्ष के साथियों के हाथ-पैर फूल रहे हैं.’

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की ओर से आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां पूरी ताकत लगाने के बावजूद विपक्ष जितनी भीड़ जुटाने का दावा कर रहा था, उसका 10 प्रतिशत भी नहीं जुटा पाया. इसके मुकाबले बीजेपी अपने NDA सहयोगी दलों के साथ हर जिले और हर कस्बे में उससे बड़ी यात्रा निकाल रही है. उन्होंने इसे NDA की ताकत और जनता का भरोसा बताया. नितिन नबीन ने कहा कि देशभर में निकल रही पदयात्राएं जनता के विश्वास को दिखाती हैं.

राहुल गांधी पर निशाना, बोले- देश की जनता को भरमाने का प्रयास किया

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने संबोधन में राहुल गांधी पर भी सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश की जनता को भरमाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन यह नया भारत है और नई सोच का भारत है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासी उन्हें अपना प्रधान सेवक और चौकीदार मानते हैं.

नितिन नबीन ने कहा, ‘आपने (राहुल गांधी) इस देश की जनता को भरमाने का बहुत प्रयास किया है, लेकिन ये नया भारत है, नई सोच का भारत है, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाला भारत है… 140 करोड़ देशवासी श्री नरेंद्र मोदी को अपना प्रधान सेवक भी मानते हैं और अपना चौकीदार भी मानते हैं.’ उन्होंने आगे कहा कि जनता को विश्वास है कि उनके घर, परिवार और देश की रक्षा केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं.

तथाकथित युवराज आते-जाते रहेंगे, देश पर राज नरेंद्र मोदी करेंगे

नितिन नबीन ने राहुल गांधी और नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि तथाकथित युवराज आते-जाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि देश की मिट्टी पर राज देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा. नितिन नबीन ने कहा, ‘मैं आज स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी इस देश के लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि आप जैसे जितने भी तथाकथित युवराज आएंगे, चले जाएंगे… इस देश की मिट्टी में अगर कोई राज करेगा तो देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा.’

नितिन नबीन ने इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की 140 करोड़ जनता का भरोसा और विश्वास मिलने की बात कही. नितिन नबीन ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने काम किया है और पुरुषार्थ किया है. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का जिक्र करते हुए नितिन नबीन ने दो तथाकथित युवराजों के कारनामों पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उनके कारनामे ऐसे हैं, जिन्हें लंबे समय तक उत्तर प्रदेश और देश की जनता याद रखेगी.

इंदिरा गांधी के चुनाव और आपातकाल का जिक्र

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर लोकतंत्र का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए इंदिरा गांधी के चुनाव से जुड़े पुराने मामले का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इसी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया था. नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि अदालत ने चुनाव में निर्वाचन आयोग और सरकार की मशीनरी के दुरुपयोग की बात कही थी. उन्होंने कहा कि अदालत के उस फैसले को बदलने का काम भी कांग्रेस ने किया था.

नितिन नबीन ने कांग्रेस के इतिहास में आपातकाल का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज वही कांग्रेस लोकतंत्र की बात कर रही है, जिसका इतिहास देश में आपातकाल लगाने का रहा है. उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से 1975 के आपातकाल के लिए देश की जनता से माफी मांगने का सवाल उठाया.

आंबेडकर के अपमान का आरोप, नेहरू-गांधी परिवार को घेरा

नितिन नबीन ने अपने भाषण में नेहरू-गांधी परिवार पर संविधान और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इस परिवार ने कभी देश के संविधान का सम्मान नहीं किया. बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इसी परिवार ने बाबा साहेब आंबेडकर को चुनाव हराने के लिए पूरी ताकत लगाई और उन्हें अपमानित करने का काम किया.

योगी बोले- चुनाव जीतें तो पुरुषार्थ, हारें तो EVM पर आरोप

पदयात्रा के साथ आयोजित बीजेपी जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना साधा. योगी ने दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने अराजकता पैदा कर लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की प्रवृत्ति बन गई है कि चुनाव जीतने पर उसे अपना पुरुषार्थ बताया जाता है और चुनाव हारने पर EVM पर दोषारोपण किया जाता है. योगी ने कहा कि जनता जब विपक्ष को उसके नकारेपन के कारण नकार देती है, तो वह EVM को जिम्मेदार ठहराने लगता है.

उन्होंने कहा कि EVM को लेकर विपक्ष का रवैया उसके चुनावी नतीजों के हिसाब से बदल जाता है. योगी के मुताबिक, जब EVM से विपक्ष चुनाव जीतता है तो उसे सही माना जाता है, लेकिन हारने पर उसी मशीन पर सवाल उठाए जाते हैं.

SIR पर कांग्रेस को घेरा, घुसपैठियों के नाम हटाने का समर्थन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में भी मतदाता सूची का पुनरीक्षण होता था और तब कांग्रेस इसका समर्थन करती थी. योगी ने आरोप लगाया कि आज जब निर्वाचन आयोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों या मृत हो चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए विशेष कार्यक्रम चला रहा है, तो कांग्रेस और INDIA गठबंधन हायतौबा मचा रहे हैं और देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन से इस विरोध के लिए माफी मांगने की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर किसी बांग्लादेशी या पाकिस्तानी घुसपैठिए का नाम मतदाता सूची में दर्ज होता है तो वह भारत के किसी गरीब, दलित और वंचित के अधिकारों को छीनने का काम करता है. सीएम योगी ने कहा कि गरीब, दलित और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरी है कि मतदाता सूची से ऐसे नाम हटाए जाएं.

योगी का राहुल गांधी से सवाल- EVM गलत है तो संसद की शपथ क्यों लेते हैं?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने EVM पर विपक्ष के सवालों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री के बयान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने ठीक सवाल उठाया था कि अगर EVM इतनी ही गलत है तो इसी EVM से जीतकर राहुल गांधी संसद में शपथ क्यों लेते हैं? उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. सीएम योगी ने कहा कि विपक्ष के लिए EVM तब तक सही है, जब तक उससे जीत मिलती है… लेकिन जब चुनाव में हार होती है तो विपक्ष EVM पर दोषारोपण करने लगता है.

गोरखपुर में BJP का शक्ति प्रदर्शन, नितिन नबीन बोले- राहुल फुस्स रॉकेट, अखिलेश हार के बहानेबाज


#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button