सीजी- एकलव्य स्कूल के छात्रों का हल्लाबोल: छुरी में चार घंटे तक किया चक्काजाम, एसडीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ आंदोलन – INA

छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के स्कूली बच्चों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को एक बार फिर आंदोलन किया। बड़ी संख्या में छात्र सुबह करीब 7 बजे पढ़ाई छोड़कर छुरी पंचायत के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले आंदोलन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में एसडीएम की ओर से लिखित शिकायत लेने और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।

एक महीने में तीसरी बार आंदोलन पर उतरे छात्र

एकलव्य आवासीय विद्यालय के बच्चों का एक महीने के भीतर यह तीसरा आंदोलन है। इससे पहले एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विधायक का घेराव किया था। इसके बाद उन्होंने सड़क पर उतरकर चक्का जाम भी किया था। अब एक बार फिर मांगें पूरी नहीं होने से नाराज छात्रों ने सड़क पर बैठकर आंदोलन शुरू कर दिया।

प्रिंसिपल और छात्रावास अधीक्षक को हटाने की मांग

छात्रों की मुख्य मांग स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. अरसद अहमद अली और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें हैं। इसके अलावा स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन और ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।

ये भी पढ़ें: Dhamtari News: अब इलेक्ट्रिक वाहन की तकनीक सीखेंगे धमतरी के युवा, जीजामगांव ITI में शुरू हुआ नया कोर्स

मौके पर पहुंचे प्रशासन और पुलिस अधिकारी

चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने छात्रों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चार घंटे बाद खत्म हुआ चक्का जाम

छात्र सुबह करीब 7 बजे से आंदोलन पर बैठे थे। करीब चार घंटे तक चले चक्का जाम के दौरान कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में एसडीएम के समक्ष लिखित शिकायत दिए जाने और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। आंदोलन समाप्त होने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। हालांकि छात्रों की मांगों को लेकर प्रशासन की . की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

बार-बार चक्का जाम से जनप्रतिनिधियों में नाराजगी

वहीं क्षेत्र में लगातार चक्का जाम होने को लेकर जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि बार-बार मुख्य मार्ग बाधित होने से आम लोगों को परेशानी होती है और गांव की छवि भी प्रभावित होती है। हालांकि छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता, वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button