सीजी- सीजी: बेमेतरा में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; 80 हजार का माल बरामद – INA

बेमेतरा जिले में चोरी की दो अलग-अलग वारदातों में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, तांबे का केबल वायर, वारदात में इस्तेमाल बाइक और औजार समेत करीब 80 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। एक मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।

मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर चोरी

खण्डसरा चौकी क्षेत्र के ग्राम ओड़िया में जांता मोड़ के पास संचालित शिवा मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। दुकान संचालक बलराम साहू (25) के मुताबिक, वह 30 अगस्त की रात दुकान बंद कर घर गया था। 2 सितंबर की सुबह दुकान खोलने पहुंचा तो ताला गायब था। अंदर रखे रिपेयरिंग के मोबाइल, दो चार्जर, तीन स्पीकर, पेनड्राइव और दो हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने मामले में कवर्धा निवासी राहुल सारथी (19) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, चोरी के मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक पोड़ी चौकी के एक अन्य प्रकरण में जब्त हैं। इस मामले में एक आरोपी फरार है।

सोलर प्लांट के 10 खंभों से केबल काट ले गए

दूसरी वारदात में परपोडी थाना क्षेत्र के गाड़ाडीह स्थित परम पूज्य सोलर प्लांट को निशाना बनाया गया। यहां 22 अगस्त शाम से 23 अगस्त शाम के बीच 10 तड़ित चालक खंभों से करीब 320 मीटर तांबे का केबल वायर चोरी कर लिया गया। इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भोजराम वर्मा (18), जागेश्वर ठाकुर (21) और रोहन यादव (18) को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक बालक भी शामिल था। आरोपियों के कब्जे से केबल, बाइक और कटर, पेंचिस व छेनी समेत करीब 65 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।

ये भी पढ़ें-  ‘बीजेपी के नाराज फूफा हमारे संपर्क में’: बिलासपुर शिविर के समापन पर दीपक बैज का बड़ा बयान, सियासी हलचल तेज

एसपी के निर्देशन में पुलिस ने की कार्रवाई

दोनों मामलों में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में की गई। अधिकारियों के मार्गदर्शन में खण्डसरा और परपोडी पुलिस टीम ने विवेचना कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।


Credit By Amar Ujala

Back to top button