यूपी – हाथरस: सिकंदराराऊ के एटा हाईवे पर पांच घंटे में दो दर्दनाक हादसे, दो बाइक सवारों की मौत, एक गंभीर घायल – INA

सिकंदराराऊ के एटा हाईवे पर रविवार को पांच घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में दो मोटरसाइकिल सवारों की मृत्यु हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पहली दुर्घटना रविवार रात 11:20 बजे एटा हाईवे पर गांव मुगलगढ़ी के पास हुई। इसमें स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से जा रहे विवेक (28) की मृत्यु हो गई। विवेक पुत्र विजय पाल, नगला हेमराज बुधु, हाथरस गेट, हाथरस का निवासी था। इस दुर्घटना में राहुल (30) पुत्र अजयपाल निवासी हाथरस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
दूसरी दुर्घटना सुबह साढ़े पांच बजे हाईवे के पुल पर महामई सलामत नगर के पास हुई। यहां एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को बुरी तरह रौंद दिया। इससे मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया था, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस मोटरसाइकिल और कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।