यूपी – भयानक टक्कर: कई टुकड़ों में बंट गया ट्रैक्टर, किसान के 25 वर्षीय बेटे की मौत; हादसा देख कांप गए लोग – INA

मथुरा के नौहझील क्षेत्र के गांव मनीगढ़ी निवासी एक किसान परिवार पर सोमवार रात दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मंडी में धान बेचने जा रहे किसान के 25 वर्षीय बेटे की यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और उसके नीचे दबने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव मनीगढ़ी निवासी किसान रामप्रसाद का 25 वर्षीय बेटा अमर सिंह सोमवार देर शाम अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लादकर बेचने के लिए हरियाणा की होडल मंडी जा रहा था। उसके साथ ट्रॉली में पीछे चाचा नानकचंद भी बैठे हुए थे। रात करीब साढ़े 11 बजे जब उनका ट्रैक्टर यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर में भीषण टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। हादसे के दौरान ट्रैक्टर चला रहा अमर सिंह उछलकर नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत यह रही कि ट्रॉली में पीछे बैठे चाचा नानकचंद इस भयावह हादसे में बाल-बाल बच गए और सुरक्षित हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के होनहार नौजवान की अचानक हुई मौत से मनीगढ़ी गांव में मातम का माहौल है। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

 


Credit By Amar Ujala

Back to top button