UP News: ‘गांव से हटाओ ठेका’… इटावा में महिलाओं का हल्ला बोल, लाखों की शराब सड़कों पर फेंकी; जमकर की तोड़फोड़ – INA

उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के भरथना क्षेत्र के ग्राम समसपुर में गांव के बीच और स्कूल के पास संचालित देशी शराब, बियर के कंपोजिट के ठेके को लेकर बुधवार दोपहर बड़ा हंगामा हो गया. एक दिन पहले हुई मारपीट की घटना से नाराज ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा अचानक फूट पड़ा. सैकड़ों महिलाएं ठेके पर पहुंचीं, जमकर हंगामा किया, शराब की बोतलें और पेटियां बाहर फेंक दीं और ठेका गांव से बाहर हटाने की जोरदार मांग उठाई. मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हालात को संभाला.
गांव निवासी गयादीन, जो गर्मियों में बर्फ के गोले बेचकर परिवार चलाते हैं, ने आरोप लगाया कि मंगलवार को वह बच्चों को गोले बेच रहे थे. इसी दौरान कुछ बच्चों ने इस्तेमाल किए गए डिस्पोजल गिलास ठेके के पास नाली में डाल दिए. इस छोटी सी बात पर ठेके के कर्मचारियों ने गयादीन के साथ मारपीट कर दी और उन्हें गिलास उठाने के लिए कहा. इस घटना की शिकायत रात में थाने में की गई, जिसके बाद गांव में आक्रोश फैल गया.
महिलाओं ने ठेके पर किया हमला
बुधवार सुबह होते ही गांव की महिलाएं एकजुट हो गईं और सीधे शराब के ठेके पर पहुंच गईं. देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया. महिलाओं ने ठेके में घुसकर शराब की बोतलें और पेटियां बाहर फेंक दीं, कर्मचारियों से धक्का मुक्की की और ठेके में तोड़फोड़ भी की. पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी अफरा तफरी का माहौल बना रहा और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना था कि गांव के बीच और स्कूल के पास शराब का ठेका होना सबसे बड़ी समस्या है. इससे बच्चों पर गलत असर पड़ रहा है और गांव का माहौल बिगड़ रहा है. महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई पुरुष शराब पीकर घर आते हैं और परिवार में झगड़ा करते हैं, जिससे घरेलू विवाद बढ़ रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि अब किसी भी हालत में ठेका गांव के अंदर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ग्राम प्रधान ने भी प्रशासन को घेरा
ग्राम प्रधान कृपाशंकर ने भी इस पूरे मामले में ठेके के स्थान को लेकर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि ठेका आबादी के बीच स्थित है और स्कूल भी करीब 200 मीटर की दूरी पर है. ऐसे में बच्चों के भविष्य पर इसका सीधा असर पड़ रहा है. उन्होंने प्रशासन से तुरंत ठेका हटाने की मांग करते हुए कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध और तेज होगा.
शराब के ठेके में की तोड़फोड़
वहीं दूसरी ओर ठेका संचालक ज्ञानेंद्र सिंह, निवासी ग्राम खेड़ापति थाना इकदिल, ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान महिलाओं और कुछ पुरुषों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की. सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और स्टॉक में रखे 3009 देसी शराब के पव्वे बाहर फेंक दिए गए, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये बताई गई. इसके अलावा इनवर्टर, कनवर्टर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. काफी समझाने के बाद महिलाओं को शांत कराया गया. आबकारी निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी.
थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है.
‘गांव से हटाओ ठेका’… इटावा में महिलाओं का हल्ला बोल, लाखों की शराब सड़कों पर फेंकी; जमकर की तोड़फोड़
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,



