UP News: यूपी चुनाव: मैदान में उतरेंगे अमित शाह, सभी 6 क्षेत्रों का करेंगे दौरा; बनाएंगे जीत की रणनीति – INA
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी अब संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतारने की तैयारी में है. इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवंबर के अंत से उत्तर प्रदेश का दौरा शुरू कर सकते हैं. इस दौरान वह प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में जाकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे.
बीजेपी की योजना है कि अमित शाह क्षेत्रवार दौरे के दौरान केवल बड़े नेताओं के साथ ही नहीं, बल्कि स्थानीय पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ भी सीधा संवाद करें. इन बैठकों के जरिए चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया जाएगा और जीत की रणनीति को जमीन पर उतारने की रूपरेखा तैयार की जाएगी.
यूपी के सभी छह क्षेत्रों में बैठक करेंगे अमित शाह
बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को संगठनात्मक तौर पर छह क्षेत्रों में बांटा है. इनमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र शामिल हैं. अमित शाह इन सभी क्षेत्रों का दौरा कर अलग-अलग बैठकें करेंगे. इन बैठकों में क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला स्तर के प्रमुख नेताओं और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को शामिल करने की योजना है. गृह मंत्री स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेंगे. इसके आधार पर हर क्षेत्र के लिए अलग रणनीति तैयार करने पर मंथन होगा.
दो क्षेत्रों के दौरे की तैयारी में जुटी पार्टी
नवंबर में अमित शाह के दौरे को लेकर बीजेपी ने शुरुआती कार्यक्रम तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है. फिलहाल दो संगठनात्मक क्षेत्रों के दौरे की योजना पर काम किया जा रहा है. इसके बाद बाकी क्षेत्रों में भी बैठकों का कार्यक्रम तय किया जाएगा. पार्टी की कोशिश है कि अमित शाह का दौरा केवल औपचारिक संगठनात्मक बैठक तक सीमित न रहे, बल्कि इसके जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाया जाए. क्षेत्रवार बैठकों में स्थानीय मुद्दों, संगठन की सक्रियता और चुनाव प्रबंधन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी.
सभी क्षेत्रों में रात्रि प्रवास की भी तैयारी
बीजेपी अमित शाह के दौरे के दौरान सभी क्षेत्रों में उनके रात्रि प्रवास की योजना भी बना रही है. इसके जरिए गृह मंत्री को स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिलेगा. क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों को करीब से समझने की कोशिश होगी. बैठकों में क्षेत्र के प्रमुख नेताओं के साथ चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी. पार्टी की योजना है कि हर क्षेत्र में तय किए गए लक्ष्यों और जिम्मेदारियों को स्थानीय संगठन के जरिए पूरा कराया जाए.
क्षेत्रीय बैठकों के बाद जिला स्तर पर भी उतरेंगे शाह
बीजेपी की रणनीति सिर्फ छह क्षेत्रीय बैठकों तक सीमित नहीं रहने वाली है. पार्टी जिला स्तर पर भी अमित शाह की बैठकें और सभाएं कराने की तैयारी कर रही है. क्षेत्रीय दौरों के बाद जिला स्तर पर कार्यक्रमों का खाका तैयार किया जा सकता है. इससे पार्टी को जिला इकाइयों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद का मौका मिलेगा. बीजेपी की कोशिश है कि चुनावी रणनीति का संदेश प्रदेश से लेकर जिला और बूथ स्तर तक पहुंचे.
मिशन 2027 के लिए केंद्रीय नेतृत्व की सक्रियता
यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने अपने शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी तय करनी शुरू कर दी हैं. पार्टी की योजना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों के जरिए प्रदेशभर में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने पर जोर है. अमित शाह की क्षेत्रवार बैठकों को इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है. अमित शाह के दौरे का मकसद संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए क्षेत्रवार रणनीति तैयार करना होगा.
यूपी चुनाव: मैदान में उतरेंगे अमित शाह, सभी 6 क्षेत्रों का करेंगे दौरा; बनाएंगे जीत की रणनीति
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,