UP News: 630KG चांदी, कीमत ₹17 करोड़… आगरा के ज्वेलर ने एक गांव के 35 लोगों को लगाया ‘चूना’, अब परिवार सहित फरार – INA

Agra News: आगरा नगर कमिश्नरेट के कमलानगर थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का एक बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस ने नगला सिकुर्रा, सादाबाद (हाथरस) निवासी ओम प्रकाश चौधरी की तहरीर पर ज्वेलर्स राहुल कुमार जैन समेत उनके परिवार के सात सदस्यों के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. ज्वेलर्स राहुल कुमार जैन पर 630 किलो चांदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है. इस चांदी की कीमत करीब 17 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के नगला सिकुर्रा निवासी शिकायतकर्ता ओम प्रकाश चौधरी ने पुलिस को बताया कि राहुल कुमार जैन से उनके वर्ष 2005 से पारिवारिक संबंध थे. इसी भरोसे का लाभ उठाते हुए राहुल जैन अपने पिता संपत कुमार जैन और भाई संभव जैन उर्फ विक्की के साथ उनके घर आए और चांदी का व्यापार करने की इच्छा जताई. राहुल जैन ने उसके गांव के लोगों से उधार माल दिलवाने का अनुरोध किया.
35 लोगों से 630 किलोग्राम चांदी ली
ओम प्रकाश ने राहुल जैन की गारंटी लेते हुए अपने गांव के करीब 35 लोगों से 630 किलोग्राम पक्की चांदी लेकर धीरे-धीरे राहुल जैन के कमलानगर स्थित आवास पर पहुंचवा दी, जिसकी कीमत आज 17 करोड़ है. आरोप है कि जब ग्रामीणों ने अपने माल के पैसों की मांग की तो राहुल जैन ने टालमटोल शुरू कर दी. जब ग्रामीणों ने प्रेशर बनाना शुरू किया तो राहुल जैन ने वादा किया कि कारोबार जमने पर वह चांदी या उनके पैसे लौटा देगा.
बीती 10 अप्रैल को जब शिकायतकर्ता ओम प्रकाश चौधरी फिर से एक बार ग्रामीणों के साथ राहुल जैन के घर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला. स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि राहुल जैन पांच अप्रैल की रात को ही अपनी पत्नी रिंकी, बच्चों, साढू गौरव जैन और ससुर सुनील कुमार जैन के साथ घर खाली करके शहर छोड़कर भाग गए हैं.
इन लोगों पर दर्ज हुआ केस
ओम प्रकाश चौधरी ने इस मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की, जिसके बाद कमला नगर थाने में केस दर्ज किया गया. एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय के अनुसार, राहुल जैन, गौरव जैन, सुनील कुमार जैन और राहुल की पत्नी रिंकी जैन समेत 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है. पीड़ित ओम प्रकाश चौधरी का आरोप है कि इन सभी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत करोड़ों रुपए की चांदी हड़प ली है.
कमलानगर थाना प्रभारी कर रहे केस की जांच
फिलहाल मामले की विवेचना कमलानगर थाना प्रभारी द्वारा की जा रही है. इस मामले ने चांदी के कारोबार में चलने वाली जुबानी लेन-देन की परंपरा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां बिना लिखित समझौते के बड़े पैमाने पर व्यापार किया जाता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है. पीड़ितों को अब उम्मीद है कि उन्हें उनकी रकम या चांदी वापस मिल सकेगी.
630KG चांदी, कीमत ₹17 करोड़… आगरा के ज्वेलर ने एक गांव के 35 लोगों को लगाया ‘चूना’, अब परिवार सहित फरार
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,


