UP News: बरेली में पेड़ से टकराई 31 बच्चों से भरी तेज रफ्तार बस, 13 घायल, 6 की हालत गंभीर – INA

उत्तर प्रदेश के बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बस हादसे का शिकार हो गई. जटऊ पट्टी गांव के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में बस में सवार 31 बच्चों में से 13 बच्चे घायल हो गए. इनमें छह बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को इलाज के लिए राममूर्ति मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर बच्चों को भर्ती कर इलाज चल रहा है.
दरअसल, हादसा सुबह हुआ. बताया जा रहा है कि न्यू इंग्लैंड स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. जटऊ पट्टी गांव के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई. चालक बस को संभाल पाता, इससे पहले ही बस सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के बाद मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने पहुंचकर बच्चों को निकाला
बस के पेड़ से टकराते ही अंदर बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में मदद की. हादसे की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी गई. कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घायल बच्चों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई.
हादसे में घायल सभी 13 बच्चों को राममूर्ति मेडिकल अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद छह बच्चों की हालत गंभीर बताई. गंभीर बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज चल रहा है. वहीं, बाकी बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया.
अस्पताल पहुंचे परिजन, स्कूल प्रबंधन पर फूटा गुस्सा
हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिवार वाले राममूर्ति मेडिकल अस्पताल पहुंचने लगे. बच्चों को घायल देखकर परिजन परेशान हो गए. अस्पताल में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई.
अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में बच्चों को लाने-ले जाने के लिए जिस बस का इस्तेमाल किया जा रहा था, वह काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी. उनका कहना है कि बस की हालत को लेकर पहले भी स्कूल प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया. अभिभावकों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते बस की जांच और मरम्मत कराई जाती तो हादसा टाला जा सकता था.
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और बस चालक की जिम्मेदारी तय करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए. हादसे के बाद स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
फिलहाल, पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस किस वजह से अनियंत्रित हुई और हादसे के समय उसकी रफ्तार कितनी थी. बस की हालत और चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
बरेली में पेड़ से टकराई 31 बच्चों से भरी तेज रफ्तार बस, 13 घायल, 6 की हालत गंभीर
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,