UP News: बिजनौर में गैंग के साथ घर में घुसकर BJP नेता ने की मारपीट, चीख सुनकर गांव वालों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा… अब पुलिस को तलाश – INA

बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रहमापुर में सोमवार देर रात पड़ोसी गांव बिश्नोईवाला के भाजपा नेता सुरेश भगत ने बीस-पच्चीस लोगों के साथ घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की और तांडव मचाया. इस दौरान पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन हमलावरों की गुंडागर्दी इतनी बढ़ गई कि उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में ही परिवार पर हमला बोल दिया. हालांकि, जब महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए, तो उन्होंने दबंगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.
खुद को घिरता देख भाजपा नेता और उनके साथी अपनी दो कारें और लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर भाग खड़े हुए. पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर पर भाजपा नेता सहित 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
रास्ते में खड़ी खराब ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुआ विवाद
घटना की शुरुआत सोमवार देर शाम को हुई. रहमापुर निवासी मोहित कुमार कार से अपने गांव लौट रहे थे. रास्ते में पड़ोसी गांव बिश्नोईवाला निवासी भाजपा नेता सुरेश भगत के पुत्र अंकुल की पॉपलर और यूकेलिप्टिस की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खराब हालत में खड़ी थी. रास्ते में ट्रॉली खड़ी होने के कारण रास्ता ब्लॉक था, जिसे हटाने को लेकर मोहित और अंकुल के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई.
उस समय तो मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था. रात करीब 10 बजे भाजपा नेता सुरेश भगत अपने बेटों और समर्थकों के साथ लाठी-डंडे लेकर मोहित के घर पहुंच गए. उनके साथ एक दरोगा और दो पुलिस कर्मी भी आए थे.
मोहित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस की मौजूदगी में ही घर के अंदर धावा बोल दिया. आरोपियों ने मोहित कुमार, उनकी पत्नी अभिलाषा और बुजुर्ग मां आदेश देवी को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी.
घर के भीतर से महिलाओं की चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर जमा हो गए. ग्रामीणों की भारी भीड़ और भारी आक्रोश को देख हमलावरों के हौसले पस्त हो गए. ग्रामीणों ने दबंगों को घेर लिया और उन्हें गांव से दौड़ा लिया. ग्रामीणों के गुस्से के आगे बेबस होकर भाजपा नेता और उनके परिजन अपनी दो कारें और लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने स्थिति को संभाला और हमलावरों द्वारा छोड़ी गई दोनों कारों व ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है.
बिजनौर के एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि मोहित की पत्नी अभिलाषा की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी भाजपा नेता सुरेश भगत, अंकुल, विपुल, दीपू, शांतनु, नकुल और नरदेव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. नामजद आरोपी फरार हो गए हैं. पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
बिजनौर में गैंग के साथ घर में घुसकर BJP नेता ने की मारपीट, चीख सुनकर गांव वालों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा… अब पुलिस को तलाश
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,


