UP News: हापुड़ में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या, बेटी के निकाह से पहले घर में पसरा मातम; क्या है वजह? – INA

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में विज्ञापन को लेकर हुए विवाद में एक दैनिक अखबार के पत्रकार की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना कोतवाली हापुड़ देहात क्षेत्र के जरोठी रोड स्थित एक आटा मिल के पास शनिवार दोपहर हुई. मृतक की पहचान आवास विकास कॉलोनी निवासी नसीम के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पत्रकार नसीम शनिवार दोपहर अपने तीन साथियों के साथ जरोठी रोड स्थित आटा मिल पर गए थे. वहां विज्ञापन को लेकर उनकी मिल के स्वामी और उसके साथियों से कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नसीम के साथ मारपीट की गई. इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई. हापुड़ के एसपी मधुबन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए. घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
एसपी मधुबन सिंह के मुताबिक, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्राधिकारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बेटी के निकाह की चल रही थीं तैयारियां
पत्रकार नसीम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों के मुताबिक, नसीम की दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी अदिबा की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी मंतशा का निकाह आगामी 14 नवंबर को गाजियाबाद में तय था. घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं और परिवार खुशियों के इस मौके का इंतजार कर रहा था. लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. नसीम की पत्नी जायदा और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है. सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
हापुड़ में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या, बेटी के निकाह से पहले घर में पसरा मातम; क्या है वजह?
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,