UP News: ना पानी-बिजली, ना बैठने की व्यवस्था… मॉडर्न मुरादाबाद का 100 साल पुराना ‘गोट हाल्ट’ बदहाल; यात्रियों को नहीं मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं – INA

Moradabad News: उत्तर प्रदेश का मुरादाबाद शहर एक ओर जहां तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी पहचान बना रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ शहर का एक महत्वपूर्ण ‘गोट हाल्ट’ आज भी बदहाली का शिकार है. अंग्रेजों के जमाने में बना यह हाल्ट आज भी उसी पुराने ढर्रे पर चल रहा है, जहां बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं. लोगों को यहां से ट्रेन पकड़ने में काफी परेशानी होती है.
मुरादाबाद में कंपनी बाग, हर्बल पार्क, सात अजूबे पार्क और दिल्ली-कांठ रोड जैसे आकर्षक स्थलों के विकास के कारण दूर-दूर से लोग यहां घूमने आते हैं. लेकिन इसी शहर में स्थित गोट हाल्ट (रेलवे स्टेशन) की हालत बेहद चिंताजनक है. करीब 100 साल पुराने इस हाल्ट पर आज तक कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ है. यात्रियों को पीने के लिए साफ पानी, शौचालय और वेटिंग रूम जैसी जरूरी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं.
टिकट काउंटर की छत हुई जर्जर
हाल्ट की इमारत जर्जर हालत में पहुंच चुकी है. टिकट काउंटर के पास बनी छत जगह-जगह से टूटी हुई है और उसमें बड़े-बड़े छेद हो चुके हैं. बरसात के समय यहां पानी टपकता है, जबकि गर्मियों में पंखे तक नहीं चलते. लकड़ी के पुराने दरवाजे और खिड़कियां दीमक की चपेट में आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. यात्रियों ने बताया कि वे पिछले 20-25 सालों से इस हाल्ट से सफर कर रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है.
टॉर्च की रोशनी में काटी जा रही टिकट
यात्रियों में इस उपेक्षा को लेकर भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि जब पूरा शहर आधुनिक हो रहा है, तो इस हाल्ट को क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है? वहीं हाल्ट पर तैनात रेलवे कर्मचारी अजय ने भी अपनी परेशानियां साझा कीं. उन्होंने बताया कि यहां बिजली और पानी की भारी समस्या है. गर्मी के मौसम में पंखे नहीं चलते और रात के समय रोशनी का प्रबंध न होने के कारण टॉर्च की रोशनी में टिकट काटनी पड़ती हैं.
व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवाल
बरसात के दौरान छत से पानी टपकने के कारण काम करना दूभर हो जाता है. उन्होंने बताया कि कई बार उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ. हाल्ट पर शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण यात्रियों को खुले में जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है. पीने के पानी के नाम पर केवल एक हैंडपंप है, जो झाड़ियों के बीच स्थित है और बेहद गंदगी से घिरा है.
सुविधाओं के साथ-साथ यहां सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कमजोर है. उचित प्लेटफॉर्म या बैठने की जगह न होने के कारण लोग रेलवे ट्रैक के पास बैठकर ट्रेन का इंतजार करते नजर आते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है. ट्रेन के आने पर यहां केवल कुछ ही सेकंड का ठहराव होता है, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच जाती है और लोग जान जोखिम में डालकर ट्रेन में चढ़ते हैं.
ना पानी-बिजली, ना बैठने की व्यवस्था… मॉडर्न मुरादाबाद का 100 साल पुराना ‘गोट हाल्ट’ बदहाल; यात्रियों को नहीं मिल रहीं बुनियादी सुविधाएं
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,



