UP News: मिट्टी खोदते समय ढही ढांग, मलबे में दबकर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत – INA

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद बिलारी कोतवाली इलाके के समाथल गांव में मिट्टी खोदने गई तीन महिलाएं एक बड़े हादसे का शिकार हो गई हैं. गर्मी के इस मौसम में घरों के आंगन और दीवारों की लिपाई-पुताई के लिए गांव के बाहर एक तालाब के किनारे से तीनों महिलाएं मिट्टी निकाल रही थीं. इसी दौरान अचानक मिट्टी की एक भारी-भरकम ढांग भरभराकर उनके ऊपर गिर गई, जिसके मलबे में तीनों महिलाएं पूरी तरह दब गईं.
मिट्टी गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े और आनन-फानन में बचाव कार्य शुरू करते हुए तीनों को बाहर निकाला. ग्रामीण बेहद गंभीर हालत में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलारी लेकर पहुंचे.
डॉक्टरों ने दो महिलाओं माला देवी और सुनीता को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल तीसरी महिला रामवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
ग्रामीण अंचलों में तपती गर्मी से राहत पाने के लिए महिलाएं अक्सर तालाब या नदी किनारे से मिट्टी लाकर घरों को लीपती हैं ताकि ठंडक बनी रहे, लेकिन घर को महकाने और संवारने की इस पारंपरिक कोशिश ने आज दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं.
हादसे के बाद कोहराम
इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर ग्रामीणों और पीड़ित परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जहां हर तरफ रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही थीं. पुलिस ने प्रशासनिक अमले के साथ मिलकर स्थिति को संभाला और मामले की वैधानिक जांच शुरू की.
अचानक हुए इस हादसे से टूटे परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से गुहार लगाई कि वे मृतकों का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं. परिजनों ने लिखित रूप में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपकर शवों का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार करने की अनुमति मांगी है.
प्रशासन ने भी मौके की संवेदनशीलता, शांति व्यवस्था और परिजनों की अत्यंत दुखद स्थिति को देखते हुए उनकी इस अर्जी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया और अग्रिम आवश्यक नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.
SDM बिलारी ने कहा,’आज एक अत्यंत दुखद दुर्घटना हुई है. तहसील बिलारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम समाथल में तीन महिलाएं, जो जानकारी प्राप्त हुई है, अपने घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गई थीं. जहाँ से वे मिट्टी उठा रही थीं, वहां अचानक ढांग गिरने से तीनों महिलाएं गंभीर रूप से चोटिल हो गईं.’
उन्होंने कहा, ‘इनमें से दो महिलाओं को सीएचसी लाने पर डॉक्टरों द्वारा ब्रॉट डेड (मृत) घोषित किया गया है, वहीं एक अन्य घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है. मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था बहाल है. परिजनों ने मृतकाओं के शवों का पोस्टमार्टम न कराने की लिखित रिक्वेस्ट की है. उनके इस प्रार्थना पत्र पर विचार किया गया है.’
मिट्टी खोदते समय ढही ढांग, मलबे में दबकर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत
Copyright Disclaimer :-Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on https://www.tv9hindi.com/, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,


