यूपी – यूपी: कार से टक्कर मार युवक को छत पर रख 1.5 किलोमीटर तक दौड़ाया वाहन, हाथ खिड़कियों में फंसा शीशे बंद किए, मौत – INA

हनुमंत विहार में मंगलवार रात दशहरे का मेला देखकर लौट रहे अर्रा निवासी बीरू सिंह भदौरिया (37) को रंजिश के चलते हाॅन्डा अमेज कार से रौंदकर मार डाला गया। हत्या से पहले हमलावरों ने क्रूरता की हद पार कर दी। युवक को कार से टक्कर मारकर गिराया। अधमरा करने के बाद उसे कार की छत पर पेट के बल लिटाया। उसके दोनों हाथों की अंगुलियों को दायें-बायें के शीशों में दबाकर फंसा दिया। इसी हालत में कार को गलियों में भगाया। फिर एक ट्रेडिंग कंपनी के पास कार से गिराकर उसे रौंद दिया और भाग निकले। वारदात कई सीसी कैमरों में कैद हुई। मामले में पुलिस की भी हीलाहवाली रही। परिजन के नामजद तहरीर देने के बावजूद पांच अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस को केस दर्ज करने में भी करीब 18 घंटे से अधिक का समय लग गया।