Tach – वॉट्सऐप में चैट बैकअप के लिए देने होंगे पैसे? जानें 2GB फ्री स्टोरेज के बाद क्या हैं प्लान

वॉट्सऐप यूजर्स को जल्द ही अपनी चैट का बैकअप लेने के लिए Google Drive के अलावा एक और ऑप्शन मिल सकता है. कंपनी अपने ऐप में ही क्लाउड स्टोरेज की सुविधा देने की तैयारी कर रही है. खास बात यह है कि इस क्लाउड में सेव होने वाली चैट डिफॉल्ट रूप से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगी.
मेटा के स्वामित्व वाला वॉट्सऐप फिलहाल इस फीचर की टेस्टिंग चुनिंदा Android बीटा यूजर्स के साथ कर रहा है. इसके आने के बाद यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से वॉट्सऐप के क्लाउड स्टोरेज या Google Drive पर चैट बैकअप सेव कर सकेंगे.
वॉट्सऐप देगा 2GB फ्री क्लाउड स्टोरेज
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर वॉट्सऐप के Android बीटा वर्जन 2.26.46.4 में देखा गया है. कंपनी अपने क्लाउड स्टोरेज के साथ यूजर्स को 2GB तक की मुफ्त जगह दे सकती है. अगर किसी को इससे ज्यादा स्टोरेज चाहिए, तो उसके लिए पेड प्लान भी उपलब्ध होंगे.
भारत में वॉट्सऐप Plus सब्सक्रिप्शन की कीमत 79 रुपये प्रति महीने बताई गई है. इस प्लान के साथ स्टोरेज की सीमा बढ़कर 100GB हो सकती है. वहीं, ज्यादा स्टोरेज की जरूरत वाले यूजर्स Meta One सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं. इसके Meta One Core प्लान की कीमत 549 रुपये प्रति महीने है और इसमें 4TB तक स्टोरेज मिल सकता है.
हालांकि, इस सुविधाका इस्तेमाल जारी रखने के लिए यूजर्स को अपना सब्सक्रिप्शन एक्टिव रखना होगा. रिपोर्ट के अनुसार, सब्सक्रिप्शन खत्म होने के बाद भी वॉट्सऐप चार महीने तक आखिरी बैकअप अपने सर्वर पर सुरक्षित रखेगा. इस दौरान प्लान रिन्यू नहीं कराने पर बैकअप हमेशा के लिए डिलीट किया जा सकता है.
पासवर्ड से सुरक्षित रख सकेंगे चैट बैकअप
वॉट्सऐप के इस क्लाउड स्टोरेज की एक अहम बात इसकी सुरक्षा है. इसमें सेव होने वाला डेटा डिफॉल्ट रूप से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रहेगा. यूजर्स इस सुरक्षा को बंद नहीं कर सकेंगे. अगर कोई बिना एन्क्रिप्शन वाला बैकअप रखना चाहता है, तो उसे Google Drive या iCloud जैसे दूसरे क्लाउड प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना होगा.
इसके अलावा, यूजर्स अपने बैकअप को और सुरक्षित रखने के लिए कस्टम पासवर्ड, पासकी या 64 अंकों की एन्क्रिप्शन की का इस्तेमाल कर सकेंगे.
फिलहाल यह सुविधा कुछ Android बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध बताई गई है. उम्मीद है कि वॉट्सऐप जल्द ही iOS बीटा यूजर्स के लिए भी इसकी टेस्टिंग शुरू कर सकता है. हालांकि, सभी यूजर्स के लिए फीचर कब जारी होगा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
Source link