खबर शहर , Agra News: आईएएस-आईपीएस देने वाले गांव की सड़क जर्जर, गड्ढों से लोग चोटिल – INA

बाह। यमुना के बीहड़ में बसा है जैतपुर का कमतरी चंद्रपुर गांव। इसने देश को 20 से अधिक आईएएस और आईपीएस अफसर दिए हैं। फिर भी यहां की सड़क जानलेवा गड्ढों से भरी हैं। दो साल से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़क पर आए दिन हादसे भी होते रहते हैं। ग्रामीणों ने शिकायतें भी कई बार की, लेकिन प्रशासन की नींद नहीं टूटी। जबकि यही मार्ग आगरा-इटावा वाया कचौराघाट और फिरोजाबाद को कमतरी पुल के जरिये जोड़ता भी है। अमर उजाला की पड़ताल में करीब ढाई किलोमीटर लंबी यह सड़क बदहाल मिली।

बुधवार सुबह 11 बजे गोपालपुरा मोड़ के ढलान में बीच सड़क पर बड़ा सा गड्ढा दिखा। इसमें पानी भरा हुआ था। सड़क के दोनों ओर भी गहरे गड्ढे थे। यहां से गुजर रही देवकी और रमेश ने बताया कि गड्ढे में गिरकर कई बार लोग चोटिल हो चुके हैं। इसी तरह चौबेपुरा गांव की ढलान पर सड़क दोनों किनारों पर उखड़कर धसक गई है। बीच में ही सड़क का निशान दिखता है। गांव के दीनदयाल और कंठश्री ने बताया कि करीब ढाई साल पहले बनी सड़क दो साल से कटी पड़ी है।

इसके बाद सुबह 11.45 बजे चौबेपुरा में ही कुछ . बढ़ने पर कमतरी का सूरज साइकिल की चेन ठीक करता दिखा। पूछने पर उसने बताया कि उखड़ी सड़क की गिट्टी फंसने से चेन टूट गई है। गिट्टी उखड़ी पड़ी है। बारिश के दिनों में निकलना मुश्किल हो जाता है। दोपहर 12 बजे चौबेपुरा के प्राथमिक विद्यालय से कमतरी की ओर बढ़ने पर उखड़ी पड़ी सड़क पर जानलेवा गड्ढे दिखे। इसमें पानी भरा हुआ था।

खेत से चारा लेकर लौट रहे प्रेमचंद ने बताया कि बारिश के दिनों में भारी वाहन फंस जाते हैं। कमतरी और चंद्रपुर के मोड़ के पास उखड़ी पड़ी सड़क पर कटान दिखा। सड़क से गुजर रही अनीता और मनीषा ने बताया कि 2 साल से सड़क कटी पड़ी है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्रामीण सोमेश और गजेंद्र ने बताया कि बारिश के दिनों में गिट्टी बह गई थी। बताया कि कमतरी के राजकीय इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय, चंद्रपुर के संस्कृत विद्यालय इसी सड़क के रास्ते पर है। कमतरी पुल के जरिये फिरोजाबाद के उरावर से भी सड़क जुड़ती है।

वर्जन

सड़क का सर्वे कर लिया गया है। निर्माण कराने के लिए एस्टीमेट भी भेज दिया गया है। कटान और जल भराव वाले क्षेत्रों में सीसी रोड का निर्माण होगा। -नागेंद्र वर्मा, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड आगरा

कमतरी गांव के अफसर

आईएएस- भरत चतुर्वेदी, अतुल चतुर्वेदी, पृथ्वीनाथ चतुर्वेदी, भरत चतुर्वेदी, योगेंद्र नाथ चतुर्वेदी, रूप नरायन चतुर्वेदी, वीके चतुर्वेदी, सुधीर कुमार चतुर्वेदी, रूपेश चतुर्वेदी आदि।

आईपीएस- अशोक चतुर्वेदी, जेएन चतुर्वेदी, यतेंद्र नाथ चतुर्वेदी, ध्रुव कुमार चतुर्वेदी, फणींद्र नाथ चतुर्वेदी, भगवत स्वरूप चतुर्वेदी, कृष्णकांत चतुर्वेदी, महेंद्र नाथ चतुर्वेदी, सुरेंद्र नाथ चतुर्वेदी आदि।


Credit By Amar Ujala

Back to top button