खबर शहर , Agra News: दोस्त के साथ टहल रहे युवक को बाइक सवारों ने गोली मारी – INA

बाह। पटकुइंयापुरा गांव में शुक्रवार शाम चंबल नहर की पटरी पर दोस्त के साथ टहल रहे युवक को बाइक सवारों ने गोली मार दी। युवक का दोस्त बाल-बाल बच गया। घायल युवक का एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
घटना शाम करीब पांच बजे की है। पटकुइंयापुरा गांव का विष्णु पुत्र हरी सिंह अपने दोस्त शिवम के साथ चंबल नहर की पटरी पर टहल रहा था। तभी बाइक सवारों ने गोली मार दी। गोली विष्णु के पेट में लगी है, जबकि उसका दोस्त शिवम बाल-बाल बच गया। गोली मारने के बाद बाइक सवार भाग गए। सूचना पर पहुंची बाह पुलिस ने घायल को बाह सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। घायल ने पुलिस को बताया कि 8 महीने पहले खेत में मवेशी घुसने पर बाह के युवकों से मारपीट हुई थी। इसी रंजिश में आरोपियों ने बाह से घर आते समय एक महीने पहले रास्ते में रोका था। आरोप है कि 8 महीने पुरानी रंजिश में गोली मारी गई है। बाह पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। हालांकि पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को उठाया है। संवाद