खबर शहर , Agra News: मारवाड़ी नस्ल के 10 महीने के घोड़े दमन ने दिखाए करतब – INA

बटेश्वर। उत्तर भारत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक बटेश्वर पशु मेले की रंगत अब परवान चढ़ने लगी है। मेले के घोड़ा, ऊंट और गधा बाजार में व्यापारियों की आमद तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को चित्रकूट से 10 घोड़े लेकर पहुंचे एक व्यापारी ने मेला मैदान में अपने महज 10 महीने के मारवाड़ी नस्ल के घोड़े दमन के नाच और हैरतअंगेज करतब दिखाए।
नन्हें घोड़े के अनोखे हुनर और सधे हुए कदमों को देखकर वहां मौजूद व्यापारी और सैलानी मोहित हो गए। प्रथम चरण के पशु मेला में मंगलवार से गधा बाजार में भी व्यापारियों का पहुंचना शुरू हो गया। विभिन्न नस्ल के गधों के साथ पहुंचे व्यापारियों ने मेले में डेरा डाल लिया है। व्यापारियों के अनुसार, 2 दिनों में गधा बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद खरीद-फरोख्त शुरू होगी। आधिकारिक रूप से मेला शुभारंभ में 7 दिन का समय बाकी है, लेकिन ऊंट और घोड़ा व्यापारियों का बड़ी तादाद में आगमन जारी है।
तीर्थधाम के मंदिरों की हो रही रंगाई-पुताई
पशु मेले की रंगत परवान चढ़ने के साथ ही मेला मेजबान जिला पंचायत ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। ठेकेदार गौरव गुप्ता मंदिरों की रंगाई-पुताई करा रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच स्थल से पानी निकालकर मिट्टी भराई का काम भी शुरू हो चुका है।
मेला परिसर में अंधेरा, पानी के नहीं इंतजाम
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन को मेला शुरू होने से पहले ही पशुओं के लिए पेयजल टैंकरों की व्यवस्था करनी चाहिए। वहीं, रात के अंधेरे में व्यापारी टॉर्च और बैटरी की रोशनी में अपने पशुओं की रखवाली करने को मजबूर हैं। व्यापारियों की सुरक्षा के मद्देनजर बटेश्वर चौकी प्रभारी अनुज नागर पुलिसकर्मियों के साथ दिन-रात गश्त कर रहे हैं।
लोक मेले को जिला पंचायत टीम ने किया स्थल निरीक्षण
जिला पंचायत आगरा की टीम ने लोक मेला के लिए मंगलवार को मंदिर परिक्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने मेले को आकर्षक और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए झूलों और दुकानों के लिए भूमि का चयन किया। इस दौरान टीम ने पशु मेला क्षेत्र का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर मंदिर प्रबंध तंत्र के प्रतिनिधियों के साथ मेला प्रभारी मासूम रज़ा, इंजीनियर लव शर्मा, प्रेमप्रकाश, राहुल ठेकेदार, गौरव गुप्ता और चौकी प्रभारी अनुज नागर मौजूद रहे।