खबर शहर , Agra News: लापता किशोरियां नोएडा में मिलीं, कंपनी में कर रही थीं काम – INA

आगरा। शाहगंज क्षेत्र से तीन महीने पहले लापता हुईं 16 और 14 वर्षीय दो सहेलियों को पुलिस ने नोएडा में खोज लिया। दोनों एक कंपनी में काम करती मिलीं। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद दोनों को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी काउंसिलिंग कराई जा रही है।
दोनों किशोरियां एक ही स्कूल में पढ़ती थीं और 26 मई की दोपहर घर से साथ निकली थीं। मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों एक युवक के साथ जाती दिखीं। इसके बाद परिजन ने युवक के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। फुटेज में दोनों कैंट रेलवे स्टेशन की ओर जाती भी नजर आईं। बाद में नोएडा सेक्टर-18 के सीसीटीवी फुटेज में भी उनकी मौजूदगी दिखी लेकिन उनका ठिकाना नहीं मिल रहा था।
मामला डीजीपी तक पहुंचने के बाद तलाश और तेज हुई। चाइल्ड राइट एक्टिविस्ट्स नरेश पारस ने परिवार की मदद करते हुए आगरा और नोएडा पुलिस कमिश्नर के साथ डीजीपी को पत्र भेजा था। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोनों किशोरियों के आधार नंबर एक ऐसे मोबाइल नंबर से जुड़े हैं, जो परिवार के किसी सदस्य का नहीं है। आशंका जताई है कि उन्हें नोएडा तक ले जाने में किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। मामले की सघन जांच की मांग की गई है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि दोनों परेशान थीं। एक की सौतेली मां है। दूसरी के परिजन शादी करना चाह रहे थे। इस कारण दोनों घर से चली गईं। नौकरी कर अपना खर्च चला रही थीं। अब दोनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा।