यूपी – कानपुर: हर्षनगर में फिर धंसा डॉट नाला, 25 फीट लंबा और 10 फीट गहरा हुआ गड्ढा, अब सिर्फ दो फीट सड़क बची – INA

हर्षनगर में 27 अगस्त को धंसा डॉट नाला मंगलवार को फिर करीब आठ फीट और धंस गया। इससे गड्ढा बढ़कर 25 फीट लंबा और 10 फीट गहरा हो गया। यहां महज दो फीट सड़क सुरक्षित बची है। ब्रह्मनगर से ईदगाह मार्ग पर 27 अगस्त को डॉट नाला धंसने के बाद से जलकल जोन-4 की टीम मरम्मत में जुटी है। सोमवार को हाईकोर्ट के आदेश पर मरम्मत में बाधा बन रहे अशोक कुरील के जर्जर भवन को ढहा दिया गया था।

आसपास के अन्य मकानों को खाली करने का नोटिस दिया गया है। वहीं मंगलवार को नाला फिर धंसने से अफरातफरी मच गई।जलकल विभाग ने चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी है। बारिश से मिट्टी गीली होने के कारण मजदूर दिन में गड्ढे में नहीं उतर सके और मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ।

जलकल के सहायक अभियंता रवि प्रताप सिंह ने बताया कि शाम को लोहे की शटरिंग लगाने का काम शुरू कराया गया। उधर, 80 फीट रोड पर महाराजा डेयरी के पास धंसे डॉट नाले की मरम्मत भी बारिश के कारण प्रभावित हो रही है। अधिकारियों के मुताबिक काम पूरा होने में करीब एक माह लगने की उम्मीद है। वहीं कमलानगर में जेके मंदिर के पास सड़क धंस गई। बुधवार से यहां मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button