दिल्ली में भाजपा का AAP कार्यालय के बाहर प्रदर्शन:पेपर लीक मामलों पर पंजाब के शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग- INA NEWS

पंजाब में कथित परीक्षा पेपर लीक मामलों को लेकर दिल्ली भाजपा ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी के कैनिंग लेन स्थित कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की बर्खास्तगी की मांग करते हुए गिरफ्तारी दी। पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों को मंदिर मार्ग थाने ले गई, जहां करीब एक घंटे बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। प्रदर्शन में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, स्वाति मालीवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, मोहनलाल गिहारा और अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी पर परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समय पेपर लीक के मामलों पर आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की थी, लेकिन पंजाब में हुई घटनाओं पर चुप्पी साध रखी है। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (पीटीईटी), 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा, फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा और पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (पीएसएसएसबी) की भर्ती परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पेपर लीक के मामलों में नैतिक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, तो पंजाब के शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। भाजपा ने हरजोत सिंह बैंस को तत्काल पद से हटाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पंजाब के छात्रों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |