खबर शहर , UP: तीन गांवों में मचाया था आतंक, राहगीरों पर हमला; आखिर बेहोशी का इंजेक्शन देकर पकड़ा गया हिंसक सांड – INA

आगरा के खंदौली क्षेत्र के जुरेला, खेरिया और नेकपुर गांव में कई दिनों से हमले का पर्याय बने हिंसक साड़ को बुधवार मथुरा से पहुंची फ्रेंडिकोज सेका की रेस्क्यू टीम ने बेहोशी का इंजेक्शन देकर पकड़ा। सांड़ के हमले में कई लोग घायल हो चुके हैं।
गांव नेकपुर निवासी 72 वर्षीय रामसनेही के घायल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। बृजवासी गोरक्षक सेना भारत संगठन की सूचना पर डॉ. प्रमोद कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी देर तक निगरानी करने के बाद ट्रैंक्विलाइजर (बेहोशी का इंजेक्शन) लगाकर सांड़ को काबू कर लिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान संगठन के जिला उपाध्यक्ष रवि चौधरी, गिर्राज नोहावर, रामू जुरेला और अन्य कार्यकर्ताओं ने टीम का सहयोग किया। सांड़ को सुरक्षित एंबुलेंस में लादकर मथुरा ले जाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सांड़ जुरेला, खेरिया और नेकपुर गांव की गलियों व मुख्य मार्गों में राहगीरों पर हमला कर देता था। उसके पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।