यूपी – UP: बरेली में उलमा बोले- आजमाइश का दौर है, सब्र से काम लें मुसलमान, बिना जरूरत न करें प्रदर्शन – INA

बरेली में आला हजरत इमाम अहमद रजा खां फाजिले बरेलवी के उर्स पर मथुरापुर स्थित जमीयतुर्रजा में इमाम अहमद रजा कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। देश-विदेश के उलमा और सज्जादागान ने मुफ्ती-ए-आजम हिंद और ताजुश्शरिया की जिंदगी पर रोशनी डाली। दरगाह ताजुशरिया के सज्जादानशीन काज़ी-ए-हिन्दुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी की सरपरस्ती में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सदारत जमात रजा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उर्स प्रभारी सलमान मियां की रही और जामत के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां की निगरानी में देर रात तक तकरीर का सिलासिला जारी रहा।
मौलाना जाहिद ने अपनी तकरीर में कहा मजहब और मसलक से दूरी और आपसी अख्तेलाफ (मतभेद) का भी फायदा उठाया जा रहा है। मुसलमान दर्द और बेचैनी के हालात में फंसा है। आजमाइश के दौर से गुजर रहा है। लिहाजा मुसलमानों से अपील है कि सब्र से काम लें और बिना जरूरत प्रदर्शन करने से बचें। मुफ्ती आशिक हुसैन ने कहा कि मसलाके आला हजरत के खिलाफ बोलने वालों से ताल्लुकात खत्म कर दें। जो आला हजरत का नहीं वो किसी का नहीं हो सकता।
यह भी पढ़ें– Bareilly News: उर्स-ए-रजवी में अकीदत का सैलाब, उलमा ने मुसलमानों को दिया ये पैगाम; आला हजरत का कुल आज
नफरती लोगों से दूर रहने की अपील
मौलाना इंतजार अहमद ने कहा कि उन नफरती लोगों से बचें जो मुल्क को तोड़ने के लिए हिंदू और मुस्लिम के बीच खाई खोदना चाहते हैं। उलमा हिंदू मुस्लिम के बीच खाई पाटें और मस्जिदों से सौहार्द का संदेश दें। इसी तरह मुहद्दिस-ए-कबीर जिया उल मुस्तफा, काल्पी के सज्जादानशीन सैयद गियास मियां, मुफ्ती शमशाद हुसैन, मुफ्ती अख्तर हुसैन आलिमी, मुफ्ती अब्दुल मुस्तफा राधोल्वी, मुफ्ती शाहजाद आलम, मुफ्ती शकील बरेली आदि उलमा ने तकरीर की।