सीजी- CG Politics: भूपेश बघेल की चेतावनी; कांग्रेस सरकार आई तो बीजेपी नेताओं के घोटालों की होगी जांच – INA

CG Politics: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने केंद्रीय जांच एजेसिंयों की कार्रवाई को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। राज्य सरकार पर जमकर आरोप लगाये हैं। कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के ईडी की गिरफ्तारी के विरोध में ईडी दफ्तर के सामने धरना देकर विरोध जताया गया।
साय सरकार पर बरसते हुए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर ईडी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने ईडी को चेतावनी देते हुए कहा कि बीजेपी की चाटुकारिता करने वाली ईडी संभल जाये, सरकार बदलने वाली है। राज्य में कांग्रेस की सरकार आई, तो बीजेपी नेताओं के घोटालों की जांच कराई जायेगी।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में वसूली और भ्रष्टाचार की सरकार चल रही है। कौन नेता और मंत्री कहा वसूली कर रहा किसी से छिपा नहीं है। गर्लफ्रेंड के लिये किसने तीन करोड़ का मकान बनवाया? कौन नया रायपुर के मेफेयर में बैठकर वसूली कर रहा था? राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर बीजेपी नेताओं के भ्रष्टाचार की जांच कराई जायेगी। सबका हिसाब लिया जायेगा। जो खुद गले तक भ्रष्ट हैं, वो दूसरों को झूठे आरोप में फंसा रहे हैं।
बदले की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत : विजयशंकर मिश्रा
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने मामले में पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन पूरी तरह से सुपर फ्लॉप रहा। भ्रष्टाचार के दलदल में गहराई तक धंसी कांग्रेस का यह प्रदर्शन प्रदेश की जनता के सामने उनकी अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी की पोल खोलने के लिए काफी है। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र और उनके नेताओं के घोटालों को अच्छे से समझ चुकी है। ईडी और संवैधानिक एजेंसियां जब प्रदेश का खजाना लूटने वालों पर कार्रवाई कर रही हैं, तो कांग्रेस बौखलाहट में नाटक कर रही है पर जनता सब कुछ जानती है। बदले की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत है।