खबर शहर , सावधान: मशीन में फंस जाए एटीएम, तो भूल से भी न करें ये गलती; आगरा की महिला का इस तरह खाता हो गया खाली – INA

आगरा में एटीएम में डेबिट कार्ड का फंसना और केबिन में चस्पा हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना एक महिला को भारी पड़ गया। बैंककर्मी बनकर ठग ने उनके खाते से 27,800 रुपये उड़ा लिए।


घटना न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला पदी बाजार की है, जहां कौशलपुर निवासी रूबी 23 अगस्त को एसबीआई एटीएम से नकदी निकालने गई थीं। उन्होंने बताया कि इसी दौरान उनका डेबिट कार्ड मशीन में फंस गया। कार्ड निकालने की कोशिश करने पर एटीएम की केबिन में एक पर्चा लगा मिला, जिस पर मोबाइल नंबर और मशीन खराब होने पर संपर्क करने की बात लिखी थी। संपर्क करने पर शातिर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर कार्ड ब्लॉक करने का झांसा दिया और महज 20 मिनट के भीतर खाते से नकदी साफ कर दी।

एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। एसीपी ने अपील की है कि एटीएम मशीनों के केबिन में चस्पा किसी भी अनजान नंबर पर भरोसा न करें और ऐसी स्थिति में सीधे बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।


Credit By Amar Ujala

Back to top button