खबर शहर , मैनपुरी में फायरिंग: खिड़की का शीशा तोड़कर युवक के सीने में लगी गोली, हालत गंभीर; सैफई में चल रहा इलाज – INA

मैनपुरी के करहल कस्बे में किशनी रोड पर बुधवार देर रात बेखौफ बदमाशों ने एक घर में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। शीशा तोड़ते हुए एक गोली दूसरी मंजिल की खिड़की के पास खड़े अर्पित कुमार के सीने में जा लगी। लहूलुहान हालत में परिजन पीजीआई सैफई ले गए। हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित सुनील कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 10:20 बजे 5-6 गाडियों से आए हथियारों से लैस बदमाशों ने उनके घर के बाहर उतरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। उस समय बेटा अर्पित कुमार मकान की दूसरी मंजिल पर खड़ा था। एक गोली शीशे की खिड़की को चीरती हुई सीधे अर्पित के सीने में जा लगी। लहूलुहान हालत में उसे पीजीआई सैफई में भर्ती कराया, बेटे की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायल के पिता ने करहल निवासी सम्यक उर्फ लव, संकेत उर्फ लल्ला, आशीष यादव, सौरभ उर्फ टिल्लू और अंशुल पाल व 4-5 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि हमले के दौरान घर के सदस्यों ने कमरों में छिपकर जान बचाई। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।