खबर शहर , ट्रक चालक की हत्या: शराब पिलाने के बाद काटी गर्दन, सिर पर किए कई वार; साथी पर गंभीर आरोप – INA

आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में बिजौलपुर के पास नागर रोड पर बृहस्पतिवार रात ट्रक चालक के सिर व गर्दन पर धारदार हथियार से कई बार कर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजन ने उसके साथी सोनू समेत अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजापुरा बिलोनी निवासी भोला (35) पुत्र दीवान सिंह ट्रक चालक था। परिजन के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे उसका साथी सोनू बाइक पर बैठाकर उसे बिजौलपुर के पास ले गया था। वहां बाबा की तिवरिया पर एक अन्य व्यक्ति भी मिला। आरोप है कि तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद नागर रोड पर भोला की धारदार हथियार से गर्दन और सिर पर कई वार कर हत्या कर दी गई।
रात करीब 11:48 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजन को जानकारी दी। परिजन ने मौके पर पहुंचकर सोनू समेत उसके अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाया।भोला को जमीन पर लिटाकर धारदार हथियार से कई बार किए गए है जिससे घटनास्थल पर जमीन पर खून के निशान और काफी दूरी तक छींटे पड़े मिले।
मृतक छह भाइयों में पांचवें नंबर पर था। उसके तीन बेटियां आस्था, तान्या और वंशिका हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि युवक के सिर व गर्दन पर धारदार हथियार से बार कर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।