यूपी – यूपी चुनाव: कार्यसमिति की बैठक के लिए लखनऊ पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, 2027 के लिए बनेगी विशेष रणनीति – INA

यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए गृहमंत्री अमित शाह आज लखनऊ पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी मौजूद रहे। डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।

गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन की ताकत, सरकार के कामकाज और आगामी चुनावी एजेंडे को धार देगी। बैठक में पेश किए जाने वाले राजनीतिक एजेंडे के जरिये पार्टी तीसरी बार जीत दर्ज करने की रणनीति का खाका प्रस्तुत करेगी।

ये भी पढ़ें – यूपी एमएलसी चुनाव: लचर प्रबंधन व भितरघात से लखनऊ-वाराणसी में हारी भाजपा, कार्यकर्ताओं की रही उपेक्षा



ये भी पढ़ें – सीएम योगी बोले- प्रदेश में अब रात में भी खुले रहते हैं बाजार, व्यापारियों के अंदर से खत्म हुआ खौफ

तीन सत्रों में आयोजित बैठक के दूसरे सत्र में राजनीतिक एजेंडे, चुनावी तैयारियों और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर उन क्षेत्रों और बूथों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई जाएगी, जहां पार्टी को अपनी स्थिति मजबूत करनी है। राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और ऐतिहासिक निर्णयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक संगठनात्मक तैयारियों का आकलन करने, कार्यकर्ताओं को संदेश देने और चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

जहां कमजोर वहां ज्यादा जोर मंत्र के साथ बैठक

कार्यसमिति की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा व प्रदीप वर्मा की मौजूदगी में एजेंडे और आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी को जहां कमजोर, वहां ज्यादा जोर के मंत्र पर काम करते हुए बैठक को हर दृष्टि से सुव्यवस्थित बनाना है। पंजीकरण, भोजन, यातायात और सज्जा समेत सभी व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव में संगठनात्मक कार्यों, सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी एजेंडे को प्रस्तुत किया जाएगा। धर्मपाल सिंह ने कहा कि आयोजन को ऐतिहासिक, संदेशपरक, अनुशासित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूर्व तैयारी, माइक्रो मैनेजमेंट और टीमवर्क के साथ काम करना होगा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button