मंदिर के अधिकार पर रार, पूजा पर नहीं चलेगी तकरार! एसडीएम ने दोनों पक्षों की तय की जिम्मेदारी

🔴चित्रगुप्त मंदिर प्रकरण : आस्था के आयोजन में अड़ंगा बर्दाश्त नहीं-एमडीएम

कुशीनगर। पडरौना नगर के चित्रगुप्त मंदिर पर अनाधिकृत अधिकार का दावा करने वाले व देवाधिदेव महादेव के मंदिर का विरोध करने वाले चिटफंड  रजिस्टर्ड स्वंय सेवी संस्था श्री श्री चित्रगुप्त समिति द्वारा मंदिर पक्षकार ट्रस्ट व मंदिर के पीठाधीश्वर के खिलाफ की गयी शिकायत के क्रम मे दोनो पक्ष उप जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुआ। कोतवाली मे उपजिलाधिकारी व तहसीलदार की उपस्थिति मे हुई सनवाई के दरम्यान दोनो पक्षों ने अपनी बात रखी। इस दौरान प्रशासन ने कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दा यह है कि 11 नवम्बर हो होने वाला चित्रगुप्त पूजन शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होना चाहिए। इसमे किसी तरह का व्यवधान व विवाद बर्दास्त नही किया जायेगा।

मामले की सुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया कि श्री श्री चित्रगुप्त समिति की ओर से मंदिर में पूजा-पाठ, पुजारी के आवास और मंदिर ट्रस्ट को लेकर शिकायत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल सबसे महत्वपूर्ण विषय चित्रगुप्त पूजन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना है। शेष विवादित प्रकरण जांच का विषय हैं और चूंकि मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है, इसलिए आगे की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप होगी।एसडीएम ने दोनों पक्षों को आपसी सौहार्द बनाए रखने और मिलजुलकर पूजा कार्यक्रम संपन्न कराने का निर्देश दिया। इस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई। इसके बाद इसके बाद उपजिलाधिकारी ने कानूनगो को दोनों पक्षों के बयान दर्ज कराकर हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया। इसी क्रम में मंदिर पक्षकार ट्रस्ट चित्रगुप्त मंदिर समिति न्यास के महासचिव संजय चाणक्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपना बयान दर्ज कर हस्ताक्षर किए। वहीं शिकायतकर्ता पक्ष श्री श्री चित्रगुप्त समिति के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव और मंत्री प्रमोद श्रीवास्तव ने भी अपना पक्ष दर्ज कराते हुए हस्ताक्षर किए।

प्रशासनिक स्तर पर हुई इस सुनवाई के बाद दोनो पक्षों में यह सहमति बनी कि 11 नवंबर को आयोजित चित्रगुप्त पूजन कार्यक्रम में किसी भी पक्ष की ओर से वाद-विवाद अथवा व्यवधान उत्पन्न नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम की शांति और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दोनों पक्षों की होगी। इसी कडी में धनतेरस और दीपावली त्योहारों के मद्देनजर एसडीएम सदर विवेक कुमार मिश्रा ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन द्वारा पटाखा कारोबारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं और त्योहारों के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए व्यापारियों व पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत कर समस्याओं के निदान के लिए चर्चा की गयी। मौके पर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी, नायब तहसीलदार, कानूनगो, नगरपालिका कर्मचारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Back to top button