शेख हसीना के गृहनगर गोपालगंज में हिंसा भड़की:पुलिस चौकी पर हमला, गाड़ी जलाई; भारत से प्रत्यर्पण को लेकर तनाव- INA NEWS

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृहनगर गोपालगंज में रविवार को हिंसा भड़क गई। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी में आग लगा दी और एक पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की। उन्होंने पुलिस के बैरिकेड तोड़कर शहर की कई सड़कों पर कब्जा कर लिया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तलवारें और भाले भी थे। इस दौरान उन्होंने 5 अगस्त 2024 को हसीना सरकार गिरने की याद में बनाया गया स्मारक भी तोड़ दिया। गोपालगंज को शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां हिंसा ऐसे समय हुई है, जब हसीना ने बांग्लादेश लौटने का ऐलान किया है। वे अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद अपनी सरकार गिरने पर भारत आ गई थीं। तब से भारत में ही रह रही हैं। दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कह रही हैं हसीना 79 साल की शेख हसीना जुलाई से कई बार कह चुकी हैं कि वे दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी। उन्होंने कहा है कि मौत की सजा सुनाए जाने के बावजूद वे कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने नवंबर 2025 में हसीना को प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में दोषी ठहराया था। कोर्ट ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने इन आरोपों और मुकदमे को मानने से इनकार किया है। बांग्लादेश की भारत से हसीना को वापस भेजने की मांग बांग्लादेश सरकार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर रही है। इसके लिए दोनों देशों के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि का हवाला दिया जा रहा है। हसीना की ओर से लंदन की एक लॉ फर्म ने बांग्लादेश लौटने के लिए पासपोर्ट जारी करने की मांग की थी। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने इसे ठुकरा दिया। कानून मंत्री मो. असदुज्जमान ने शनिवार को कहा कि हसीना को वापस लाने के लिए बांग्लादेश ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब भारत को फैसला करना है। बांग्लादेश ने इस मुद्दे को प्रधानमंत्री तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा से भी जोड़ दिया है। ढाका का कहना है कि हसीना और दूसरे भगोड़ों की वापसी से दोनों देशों के बीच यात्रा के लिए अच्छा माहौल बनेगा। भारत ने माना है कि उसे हसीना को वापस भेजने की मांग मिली है, लेकिन अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया है। शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि यह कानूनी मामला है और इस पर कानून के हिसाब से ही फैसला होगा। हिंसा के बाद जिले के बड़े अधिकारी हटाए गए गोपालगंज में हिंसा के बाद सरकार ने जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को उनके पद से हटा दिया। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां तोड़फोड़ और हिंसा रोकने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। गोपालगंज में दंगा रोकने वाली पुलिस के साथ बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कैबिनेट बैठक बुलाई गोपालगंज की हिंसा पर रविवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कैबिनेट बैठक की। उन्होंने संसद में अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। बांग्लादेश के अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, बैठक में शामिल बीएनपी नेताओं ने बताया कि तारिक रहमान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इलाके में सक्रिय रहने को कहा है। अखबार ने गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि सरकार हालात को बिगड़ने नहीं देगी। ———————- यह खबर भी पढ़ें… रिपोर्ट-हसीना की वापसी के लिए भारत ने 2 शर्तें रखीं:पहली- बांग्लादेशी सेना सुरक्षित लेकर जाए, दूसरी- फांसी के खिलाफ अपील का मौका मिले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर भारत ने दो शर्तें रखी हैं। BBC बांग्ला की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारी चाहते हैं कि बांग्लादेश की सेना खुद भारत आए और हसीना को अपने साथ वापस ले जाए। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |