खबर शहर , छात्रों ने फेरा मुंह : एईडीपी के 7 नए कोर्स में मिले सिर्फ 20 आवेदन – INA

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रोजगारपरक शिक्षा के लिए अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) के तहत सात पाठ्यक्रम शुरू किए, मगर छात्रों का रुझान बेहद कम रहा। 420 सीटों वाले इन सात पाठ्यक्रमों में अब तक महज 20 आवेदन आए हैं। इनमें दो पाठ्यक्रमों में एक भी आवेदन नहीं आया है।

विश्वविद्यालय के दाऊदयाल इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल एजुकेशन में बीएससी मीडिया कम्युनिकेशन में शून्य, बीबीए लॉजिस्टिक्स में चार और बीएससी डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स में शून्य आवेदन हैं। दाऊदयाल इंस्टीट्यूट में वर्ष 2025-26 बीकॉम बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस में 32 आवेदन आए हैं। सेठ पदमचंद जैन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट में बीबीए इवेंट मैनेजमेंट में तीन और बीबीए रिटेल ऑपरेशंस में एक आवेदन आया है। वहीं यूनिवर्सिटी कंप्यूटर सेंटर में संचालित बीएससी एनिमेशन एवं वीएफएक्स को सबसे अधिक 12 आवेदन मिले हैं।

इन सातों पाठ्यक्रमों में प्रत्येक की 60-60 सीटें निर्धारित हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट उत्तीर्ण रखी गई है। कुल 420 सीटों के मुकाबले सिर्फ 20 आवेदन हैं जो उपलब्ध सीटों का करीब 4.8 प्रतिशत है। खास बात यह है कि समर्थ पोर्टल पर नए आवेदन बंद हैं, ऐसे में फिलहाल इन पाठ्यक्रमों के लिए नए विद्यार्थियों के आवेदन की प्रक्रिया भी . नहीं बढ़ रही है।


आवेदन तिथि नहीं बढ़ी

समर्थ पोर्टल पर अब नए आवेदन नहीं होंगे। जिन विद्यार्थियों ने पहले आवेदन किया है, वे इन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकते हैं। फिलहाल पोर्टल की आवेदन तिथि नहीं बढ़ाई गई है। – प्रो. मनु प्रताप सिंह, समर्थ पोर्टल प्रभारी


Credit By Amar Ujala

Back to top button